अर्शदीप की मां बलजीत कौर
- फोटो : ANI
आलोचकों को अपने प्रदर्शन से जवाब देगा मेरा बेटा : बलजीत कौर
दुबई से सोमवार शाम पांच बजे चंडीगढ़ लौटीं अर्शदीप की मां बलजीत कौर ने पत्रकारों से कहा कि सोशल मीडिया पर अर्शदीप को भले ट्रोल किया जा रहा हो लेकिन देशभर के लोग उसे समर्थन दे रहे हैं। बेटे के लिए सोशल मीडिया पर जिस तरह के शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है, हमें बुरा लग रहा है लेकिन हमने अपने बेटे को कहा है कि इनका जवाब उसे अपने प्रदर्शन से देना है। बलजीत कौर ने कहा कि प्रशंसक ही एक खिलाड़ी की पूंजी होते हैं। ऐसे में लोगों को बड़ा दिल रखना चाहिए और खेल भावना का परिचय देना चाहिए। खेल में हार और जीत सिक्के के दो पहलू हैं। कई बार ऐसे भी मुकाबले होते हैं जब खिलाड़ी के ऊपर बड़ा दबाव होता है तब प्रशंसक ही हौसला देते हैं। आलोचकों को सोचना चाहिए कि जब बेहतर प्रदर्शन किया है तो कुछ जगह चूक भी हो सकती है। इन बातों से खिलाड़ी के साथ-साथ अभिभावकों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचती हैं।
बलजीत कौर ने बताया कि रविवार को उन्होंने परिवार के साथ भारत और पाकिस्तान का मुकाबला स्टेडियम में बैठकर देखा। जब कैच छूटा तो दुख हमें भी हुआ लेकिन खेल में जो बेहतर करता है, वह जीतता है, इसमें किसी खिलाड़ी को निशाना बनाना ठीक नहीं। कहा कि उन्होंने अर्शदीप से कहा है कि वह सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े और बेहतर प्रदर्शन करे।