हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के दसवीं कक्षा के परिणाम में टॉप थ्री में स्थान बनाने वाली हिसार की बेटियों ने पढ़ाई पर फोकस किया। कोई सात-आठ घंटे लगातार पढ़ी तो किसी ने टीवी-मोबाइल का बहिष्कार किया। सोशल मीडिया से भी दूरी बनाए रखी और शिक्षकों के बताए अनुसार अपनी पढ़ाई करती रहीं। खास बात यह है कि उन्होंने यह नहीं सोचा था कि उनका परिणाम इस कदर शानदार रहेगा, बस वे तो कर्म करो फल की चिंता न करो की नीति पर अपनी पढ़ाई ध्यान लगाकर करती रहीं।