बठिंडा में कड़ाके की सर्दी और बारिश के बीच किसानों ने बुधवार को हनुमान चौक पर पीएम मोदी का 20 फीट ऊंचा पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बारिश भी किसानों के विरोध प्रदर्शन को रोक नहीं पाई। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे किसान नेता झंडा सिंह, हरिंदर कौर ने कहा कि दिल्ली आंदोलन के दौरान अपनी जान गंवा चुके 700 किसानों की जान की जिम्मेदार केंद्र सरकार है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि किसानों के साथ हुए समझौते के दौरान केंद्र सरकार ने किसानों की मांगों को अभी तक पूरा नहीं किया। किसानों की मुख्य मांगों में आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों को मुआवजा राशि, लखीमपुर घटना के मुख्य आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई, एमएसपी पर कानून बनाने जैसी मांग शामिल हैं। किसान नेताओं ने बताया कि इसके अलावा किसान, मजदूरों पर जो भी कर्ज है वो पूरा माफ किया जाए। किसान नेताओं ने एलान किया कि अगर 10 जनवरी तक केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार ने मांगों को पूरा नहीं किया तो किसान अपना अगला संघर्ष तेज करेंगे।