पंजाब में अपने दम पर कांग्रेस को सत्ता में लाने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह नई कांग्रेस में खप नहीं पा रहे हैं। कैप्टन के तेवर शुरू से ही तीखे रहे हैं, यही कारण है कि राहुल और प्रियंका के फॉर्मेट में वह सेट नहीं बैठ रहे हैं। विधायक दल की बैठक के बारे में जब कैप्टन को जानकारी मिली तो उन्होंने सुबह 10 बजे सोनिया गांधी से बातचीत की। कारण जो भी रहे हों, सोनिया ने उनसे सॉरी कहा। जिसके बाद कैप्टन ने कहा कि मैडम कोई बात नहीं मैं इस्तीफा दे रहा हूं। कैप्टन के इस फैसले के साथ ही कैप्टन का सीएमओ हरकत में आ गया और उनके इस्तीफे की तैयारी की जाने लगी। इस्तीफे का प्रारूप मंथन के बाद सुबह ही तय हो गया था। उन्होंने एक लाइन का इस्तीफा देने का मन बनाया और अपने इस इस्तीफे से अपने करीबियों को अवगत करा दिया।