एक फरवरी, 2022 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को अपना चौथा केंद्रीय बजट पेश करने वाली हैं। इसपर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं। जहां व्यापारी व्यापार में राहत की उम्मीद लगाए बैठा है तो वहीं आम आदमी को महंगाई से राहत मिलने की आस है, जबकि एक नौकरीपेशा को बजट से आयकर में छूट की उम्मीद रहती है। हालांकि, मोदी सरकार कई बार अपने फैसलों से लोगों को हैरान कर चुकी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक सरकार इस बार बजट में टैक्स स्लैब में बदलाव करके टैक्सपेयर्स को राहत दिला सकती है। दरअसल, आम आदमी को आखिरी बार 8 साल पहले ही आयकर में छूट मिली थी। साल 2014 में सरकार ने आयकर छूट की सीमा 2 लाख से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये की थी। वहीं 60 से 80 वर्ष के उम्र के नागरिकों को टैक्स छूट की सीमा 2.5 लाख रुपये से बढ़ाकर 3 लाख रुपये की गई थी। इस बार भी अनुमान लगाए जा रहे हैं कि बजट में करदाताओं को बड़ी राहत मिल सकती है।