सस्ती पढ़ाई चाहिए, तो हांगकांग के बारे में बिल्कुल न सोचें!
विकसित देशों की बात करें तो स्कूल की पढ़ाई में एक लाख डॉलर तक के खर्च का फर्क हो सकता है। क्लास फीस, किताबों, आने-जाने का खर्च, रहने का खर्च जोड़ लें, तो प्राइमरी से अंडरग्रेजुएट तक की पढ़ाई में हांगकांग सबसे महंगा बैठता है। यहां के अभिभावकों को औसतन 1 लाख 31 हजार 161 डॉलर यानी 92 लाख रुपए से ज्यादा की रकम एक बच्चे की पढ़ाई में खर्च करनी पड़ती है और बच्चे की पढ़ाई का ये खर्च वहां बच्चों को मिलने वाले वजीफे, कर्ज और सरकारी मदद के अलावा है।
महंगी पढ़ाई के मामले में दूसरा नंबर संयुक्त अरब अमीरात का है। यहां एक बच्चे की पढ़ाई में औसतन 99 हजार डॉलर यानी करीब 70 लाख रुपए का खर्च आता है। वहीं सिंगापुर में एक बच्चे की अंडरग्रेजुएट तक की पढ़ाई का खर्च 71 हजार डॉलर तो अमरीका में औसतन 58 हजार डॉलर या 41 लाख रुपए पड़ता है। अमरीका में महंगी होती पढ़ाई के बावजूद बच्चों के अभिभावकों को कुल खर्च का 23 फीसद बोझ ही उठाना पड़ता है। फ्रांस में एक बच्चे की पूरी पढ़ाई के लिए मां-बाप औसतन 16 हजार डॉलर या 11 लाख रुपए ही खर्च करते हैं। (स्रोत-एचएसबीसी/सैली मे)