Sunita Williams: नासा की भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बैरी बुच विल्मोर सिर्फ आठ दिन के लिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर गए थे। लेकिन, उनको लेकर गया बोइंग के स्टारलाइनर कैप्सूल में आई खराबी की वजह से उनकी वापसी अभी तक नहीं हो पाई है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की तरफ से कहा जा रहा है कि सितंबर में उन्हें पृथ्वी पर लाने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, उनकी यह आठ दिन की यात्रा 8 महीने में बदल सकती है। हो सकता है दोनों अंतरिक्ष यात्री अगले साल यानी फरवरी 2025 में वापस आएं।
बोईंग स्टारलाइनर में हीलियम लीक और थ्रस्टर्स में खराबी की वजह से सुनीता विलियम्स की वापसी में देरी हुई है। कहा जा रहा है कि सबकुछ ठीक रहा है, तो सुनीता विलियम्स और बैरी बुच विल्मोर सितंबर में पृथ्वी पर वापस लाए जा सकते हैं, लेकिन नासा ने अभी तक उनकी वापसी को लेकर कोई तारीख नहीं बताई है। नासा के अधिकारी ने बीते दिनों कहा था कि हो सकता है कि दोनों अंतरिक्ष यात्री साल 2025 तक पृथ्वी पर वापस आएं।