फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

वो जगह जहां से धरती पर आई थी कयामत, 12 किलोमीटर बड़ा उल्का पिंड टकराने से हुआ था महाविस्फोट

Thu, 22 Nov 2018 12:19 PM IST
फीचर डेस्क, अमर उजाला
1 of 10
dinosaur - फोटो : BBC
एक दौर था, जब धरती पर डायनासोर का राज था। मोटे-लंबे, हट्टे-कट्टे, उड़ने वाले, दौड़ने वाले, तमाम तरह के डायनासोर धरती पर आबाद थे। पर आज से करीब साढ़े छह करोड़ साल पहले ऐसी तबाही आई कि डायनासोर ही नहीं, धरती पर रह रहे 80 फीसदी जीव तबाह हो गए।

करीब 12 किलोमीटर में फैला एक उल्कापिंड धरती से आ टकराया। इस ब्रह्मांडीय बदलाव ने धरती को झकझोर डाला था। बरसों से वैज्ञानिक उस ठिकाने की तलाश में थे, जहां पर ये उल्कापिंड टकराया था। उन्हें वो जगह मिल नहीं पा रही थी।

2 of 10
NASA
1980 के दशक में अमरीकी पुरातत्वविदों का एक समूह, अंतरिक्ष से ली गई कुछ तस्वीरों की बारीकी से पड़ताल कर रहा था। इनमें मेक्सिको के युकाटन प्रायद्वीप की भी तस्वीरें थीं। युकाटन के करीब ही समुद्र के भीतर एक गोलाकार जगह थी।

यूं तो सेनोट्स, यानी गोलाकार सिंक होल जैसी चीजें युकाटन की पहचान हैं। यहां सैलानियों को लुभाने के लिए बनने वाले ब्रोशर्स में भी सेनोट्स का जिक्र खूब किया जाता है। सेनोट्स, युकाटान के समतल मैदानी इलाकों में दूर-दूर तक फैले हुए हैं।

लेकिन, जब आप इन्हें अंतरिक्ष से देखें, तो ये गुच्छे आधे गोले के तौर पर नजर आते हैं। ऐसा लगता है कि कोई गोला परकार से गोला बना रहा था, और जमीन पर आधी लकीर खींचने के बाद जमीन ही खत्म हो गई।

3 of 10
NASA - फोटो : BBC
अमरीकी पुरातत्वविदों ने अंतरिक्ष से ली गई इन तस्वीरों को जोड़कर देखा तो युकाटन सूबे की राजधानी मेरिडा, समुद्री बंदरगाह सिसाल और प्रोग्रेसो, एक गोलाकार दायरे में बंधे से मालूम हुए। कभी ये इलाका माया सभ्यता का केंद्र हुआ करता था। अमरीकी मूल निवासी माया के लोग इन सेनोट्स पर पीने के पानी के लिए निर्भर थे।

वैज्ञानिकों को ये बात बड़ी अजीब लगी कि ये सभी एक गोलाकार दायरे में फैले हैं। 1988 में जब वैज्ञानिकों की कांफ्रेंस सेल्पर का आयोजन मेक्सिको के अकापल्को में हुआ, तो वहां इन अमरीकी पुरातत्व वैज्ञानिकों ने इस बात को सबके सामने रखा।

इस कांफ्रेंस में एड्रियाना ओकैम्पो भी मौजूद थीं। एड्रियाना ने उस वक्त नासा में नौकरी शुरू की थी। वो एक भूवैज्ञानिक हैं। अब 63 बरस की हो चुकीं एड्रियाना बताती हैं कि उन्हें वो अर्धगोलाकार दायरे में फैले सिंक होल देखकर लगा कि उन्हें अपनी मंजिल मिल गई है।

4 of 10
earth
अब एड्रियाना नासा के लूसी मिशन से जुड़ी हैं जिसके तहत बृहस्पति ग्रह पर 2021 तक यान भेजा जाना है। उन्हें तस्वीरें देखते ही लग गया था कि ये वो जगह हो सकती है जहां पर कभी उल्कापिंड टकराया था। मगर बिना सबूत ये बात वो पक्के तौर पर नहीं कह सकती थीं।

सो, उन्होंने बाकी वैज्ञानिकों से पूछा कि क्या उन्हें ये खयाल आया है? एड्रियाना हैरानी से कहती है कि 'वैज्ञानिकों को ये समझ ही नहीं आया कि मैं उनसे क्या बात पूछ रही हूं।' लेकिन उन तस्वीरों से एड्रियाना ओकैम्पो का सामना होना, एक विशाल मिशन की शुरुआत थी, जिसमें ये पता लगाया गया कि युकाटन प्रायद्वीप के किनारे-किनारे स्थित वो सिंक होल या सेन्टोस असल में वो ठिकाने हैं, जहां पर साढ़े छह करोड़ साल पहले धरती से उल्कापिंड टकराया था। इस महाविस्फोट से ऐसी कयामत आई थी कि पूछिए मत! चट्टानें पिघल गई थीं।
 

5 of 10
meteorite - फोटो : New York Post
1990 के दशक से ही अमरीका, यूरोप और एशिया के वैज्ञानिक, इस पहेली की कड़ियां जोड़ रहे थे। अब वो इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि 6।5 करोड़ साल पहले जो 12 किलोमीटर चौड़ा उल्कापिंड धरती से टकराया था, उससे 30 किलोमीटर गहरा गड्ढा धरती पर बन गया था।

ठीक वैसे ही, जैसे किसी तालाब में पत्थर मारो तो पानी दब जाता है, फैल जाता है। इस टक्कर से पिघली चट्टानों से माउंट एवरेस्ट से भी ऊंचा पर्वत बन गया था, जो बाद में ढह गया। प्रलंयकारी इस घटना से दुनिया पूरी तरह से बदल गई थी।

करीब साल भर तक धुएं का ग़ुबार धरती पर मंडराता रहा था। सूरज की किरणें धरती पर आनी बंद हो गई थीं। पूरे साल भर तक धरती पर रात रही थी। इससे धरती का तापमान जीरो से भी कई डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया था। नतीजा ये हुआ था कि धरती के 75 फीसद जीव-जंतु नष्ट हो गए। कमोबेश सारे डायनासोर उसी वजह से खत्म हो गए थे।
विज्ञापन

6 of 10
Mexico Chicxulub Puerto - फोटो : BBC
उल्कापिंड जहां पर धरती से टकराया था, उसका केंद्र आज मेक्सिको के चिक्सुलब पुएर्तो नाम के कस्बे के नीचे दबा हुआ है। बहुत ही कम आबादी वाले चिक्सुलब कस्बे में गिने-चुने कच्चे-पक्के मकान है। यहां की आबादी कुछ हजार होगी। इस कस्बे की शोहरत दुनिया में ज्यादा नहीं है। जिन लोगों को पता है, वो यहां आकर डायनासोर को श्रद्धांजलि देते हैं।

चिक्सुलब कस्बे पहुंचने के लिए आप को टेढी-मेढ़ी सड़कों से गुजरना होगा। लोगों को इस जगह की अहमियत नहीं पता। नतीजा ये होता है कि लोग पास ही इसी नाम के एक और कस्बे चिक्सुलब पुएब्लो पहुंच जाते हैं।

ये कस्बा प्रोग्रेसो नाम के बंदरगाह से करीब 7 किलोमीटर पूरब में स्थित है। यहां आने पर आप को कतई एहसास नहीं होगा कि कभी यहां धरती को पूरी तरह बदल डालने वाली घटना हुई थी।

7 of 10
Mexico Chicxulub Puerto - फोटो : Mexico Chicxulub Puerto
किसकी अस्थियां चांद पर दफन हैं?

एड्रियाना को उस उल्कापिंड के टकराने की सही जगह का पता लगाने में मशहूर अंतरिक्ष वैज्ञानिक यूजीन शूमेकर से मदद मिली थी। शूमेकर इकलौते वैज्ञानिक हैं, जिनकी अस्थियों की राख चांद पर दफ्न है।

शूमेकर ने एड्रियाना को कहा था कि उस घटना के सिवा किसी और खगोलीय घटना से बने बिल्कुल गोलाकार सबूत मिलने नामुमकिन हैं। इसलिए अगर एड्रियाना की तलाश पूरी हो गई, तो उससे धरती के भौगोलिक विकास की एक रेखा खींचने में मदद मिलेगी। उल्कापिंड की टक्कर से डायनासोर के खात्मे की थ्योरी सबसे पहले कैलिफोर्निया के पिता-पुत्र लुई और वाल्टर अल्वारेज की जोड़ी ने 1980 के दशक में प्रस्तावित की थी। मगर तब उसका बहुत विरोध हुआ था। लेकिन, एड्रियाना की तलाश से अल्वारेज पिता-पुत्र की थ्योरी सही साबित होती है।

8 of 10
dinosaur remains found
इस पहेली की कई कड़ियां बिखरी हुई थीं। जैसे कि 1978 में भूवैज्ञानिक ग्लेन पेनफील्ड ने मेक्सिको की सरकारी तेल कंपनी पेमेक्स के लिए कैरेबियाई समुद्र के ऊपर के चक्कर लगाकर इसका सर्वे किया था। तेल की तलाश करते-करते उन्हें समुद्र के भीतर विशाल गड्ढा दिखा था।

लेकिन ये सबूत तेल कंपनी पेमेक्स की मिल्कियत थी। सो, इसे सार्वजनिक नहीं किया गया था। युकाटन के इस गोले को अल्वारेज की थ्योरी से जोड़ने का काम टेक्सस के पत्रकार कार्लोस बायर्स ने किया था कार्लोस ने 1981 में ह्यूस्टन क्रॉनिकल में अपने लेख में सवाल उठाया था कि क्या दोनों में कोई रिश्ता है?

9 of 10
mars
मंगल ग्रह का वायुमंडल धरती जैसा था। बायर्स ने अपनी ये थ्योरी एक छात्र एलन हिल्डेब्रैंड से भी साझा की। एलन ने फिर पेनफील्ड से संपर्क साधा। फिर दोनों मिलकर इस नतीजे पर पहुंचे कि जो गड्ढा समुद्र के भीतर था, वो कोई ज्वालामुखी नहीं, बल्कि उल्कापिंड के टकराने से बना गड्ढा था।

एड्रियाना ओकैम्पो हैरानी जताती हैं, "एक पत्रकार ने इतनी बड़ी खोज की!" पर ये कहानी इतिहास के बिखरे हुए पन्नों को जोड़ने भर की नहीं है। ये हमें धरती से परे की दुनिया के बारे में जानकारी बढ़ाने में भी मददगार हो सकती है। नासा ने इस जानकारी का उपयोग मंगल ग्रह पर भेजे अपने यान क्यूरियोसिटी से आंकड़े जुटाने में किया है।

मंगल की सतह और भूवैज्ञानिक गठन को जांच-परख कर ये पता लगाया जा रहा है कि उल्कापिंड टकराने का मंगल ग्रह पर क्या नतीजा हुआ होगा। संकेत ऐसे मिलते हैं कि मंगल ग्रह का वायुमंडल पहले धरती जैसा ही रहा होगा।
विज्ञापन

10 of 10
कर्फ़्यू को तोड़ने के लिए एक व्यक्ति ने अजब तरीक़ा निकाला - फोटो : BBC
एड्रियाना कहती हैं कि, "अतीत की घटनाओं से हमें भविष्य के संकेत मिलते हैं। उनकी तैयारी आसान होती है। जो भी युकाटन प्रायद्वीप पर हुआ, उससे मंगल पर हुई भौगोलीय घटनाओं के संकेत मिलते हैं।" लेकिन, चिक्सुलब क्रेटर से जुड़ी ज्यादातर जानकारी चट्टानों की मोटी परतों के भीतर दबी हुई है। स्थानीय लोगों को अभी भी इसके बारे में बहुत ज्यादा जानकारी नहीं है। मेक्सिको की सरकार ने इस क्रेटर को विश्व धरोहर घोषित करने के लिए यूनेस्को में अर्जी दी है।

यहां स्थित मीठे पानी के गड्ढों में मछलियों के साथ तैरते हुए शायद ही लोगों को एहसास होता होगा कि ये वो जगह है, जो प्रलय का गवाह रहा है। ऐसी कयामत जो धरती ने 10 करोड़ साल में सिर्फ एक बार देखी है।

एड्रियाना इस बात पर अफसोस जताती हैं। वो कहती हैं कि, "ये हमारे ग्रह की सबसे खास जगह है। ये विश्व धरोहर है।"
Next
AU ऐप में पढ़ें