ISS: अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और अपने साथी बैरी विल्मोर के साथ स्पेस में फंस गई हैं। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर अंतरिक्ष यात्रियों को ले जाने वाले बोइंग स्टारलाइनर में खराबी के कारण दोनों अंतरिक्ष यात्री वापस नहीं आ पाए हैं। अंतरिक्ष यात्रियों का यह मिशन सिर्फ आठ दिनों का ही था। पांच जून को अंतरिक्ष यान ने उन्हें लेकर उड़ान भरा था। बोइंग स्टारलाइनर ने यह पहली उड़ान भरी थी। हीलियम लीक और थ्रस्टर में खराबी के कारण उनकी वापसी को टाल दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में सुनीता विलियम्स अभी भी हैं। नासा के मुताबिक, वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
कैसा है अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन?
स्पेस में स्थित अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन एक घर की तरह है। इसमें पांच बेडरूम, दो बाथरूम, एक जिम और एक खिड़की भी है। अगर अंतरिक्ष स्टेशन में लगे सोलर पैनल के किनारों से मापा जाए, तो यह एक फुटबाॅल मैदान के बराबर है। अंतरिक्ष स्टेशन पर छह लोग रह सकते हैं, लेकिन कई बार इसकी संख्या अधिक हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर मई 2022 तक 20 देशों के 258 अंतरिक्ष यात्री जा चुके हैं। इनमें सबसे अधिक अमेरिका के 158 और रूस के 54 अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं। यह पृथ्वी से करीब 400 किमी ऊपर है। यह 28, 000 किमी की रफ्तार से धरती के चारों तरफ घूमता है। 90 मिनट में अंतरिक्ष स्टेशन धरती का एक चक्कर पूरा करता है। इसका मतलब यह है कि एक दिन में अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष स्टेशन में 16 सूर्योदय और 16 सूर्यास्त देखते हैं।