समुद्र मंथन और उससे निकले अमृत कलश की बातें ना जाने हम कितने सालों से सुनते आ रहे हैं। हिंदू धर्म में आस्था रखने वाले लोग इसे काफी अहम मानते हैं। ऐसी मान्यता है कि समुद्र मंथन की संपूर्ण प्रक्रिया सृष्टि की रचना को व्यवस्थित करने के लिए की गई थी। हालांकि, कुछ लोग इसे सिर्फ एक पौराणिक कथा मानते हैं, सच नहीं। लेकिन आपको ये जानकर हैरानी होगी कि मुस्लिम देश इंडोनेशिया में एक ऐसा मंदिर है, जहां के बारे में कहा जाता है कि वहां आज भी वो अमृत कलश मौजूद है, जो समुद्र मंथन के दौरान निकला था।
दरअसल, हम जिस मंदिर के बारे में बात कर रहे हैं, उसका नाम है 'कंडी सुकुह'। ये मंदिर मध्य और पूर्वी जावा प्रांतों की सीमा पर माउंट लावू (ऊंचाई 910 मीटर यानी 2,990 फीट)) के पश्चिमी ढलान पर स्थित है। इस प्राचीन मंदिर में एक ऐसा कलश मौजूद है, जिसमें एक द्रव्य हजारों सालों से मौजूद है।