भारत को अगर मंदिरों का देश कहें, तो गलत नहीं होगा। क्योंकि यहां इतने मंदिर हैं कि आप गिनते-गिनते थक जाएंगे, लेकिन गिन नहीं पाएंगे। हमारे देश में ऐसे कई मंदिर हैं, जो अपनी भव्यता और अनोखी मान्यताओं के लिए जाने जाते हैं। ऐसा ही एक अनोखा मंदिर आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में भी है। इस मंदिर की सबसे खास और रहस्यमय बात ये है कि इसका एक खंभा हवा में लटका हुआ है, लेकिन इसका रहस्य आज तक कोई नहीं जान पाया है।
दरअसल, हम बात कर रहे हैं लेपाक्षी मंदिर की, जिसे 'हैंगिंग पिलर टेंपल' के नाम से भी जाना जाता है। लेपाक्षी मंदिर में कुल 70 खंभे हैं, जिसमें से एक खंभे का जमीन से जुड़ाव ही नहीं है। ये खंभा रहस्यमय तरीके से हवा में लटका हुआ है। बता दें कि लेपाक्षी मंदिर के खंभे आकाश स्तंभ के नाम से भी जाने जाते हैं। इसमें एक खंभा जमीन से करीब आधा इंच ऊपर उठा हुआ है।