Chandra Grahan 2023: भारत में साल का दूसरा चंद्र ग्रहण 28 और 29 अक्तूबर की मध्यरात्रि को लगेगा। खगोलीय घटनाओं में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के लिए यह एक सुनहरा मौका है। बीते सप्ताह अमेरिका में सूर्य ग्रहण लगा था, जिसके 14 दिनों बाद अब भारत में चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। 28 और 29 अक्तूबर की आधी रात को लगने वाला यह आंशिक चंद्र ग्रहण होगा।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के मुताबिक, पूर्णिमा के दौरान चंद्र ग्रहण लगता है। चंद्रमा और सूर्य के बीच जब पृथ्वी आ जाती है, तो ग्रहण लगता है। जब पृथ्वी की छाया चांद पर पड़ती है, तो चांद हमें लाल रंग का नजर आता है। पृथ्वी की दो तरह की छाया, पहली पेनुम्ब्रा और दूसरी उम्ब्रा पड़ती है। बाहरी या हल्की छाया पेनुम्ब्रा होती है, जिसे उपच्छाया चरण कहते हैं। 28 अक्तूबर की रात साढ़े 11 बजे के बाद चंद्रमा इसमें प्रवेश करेगा।