बिहार के मुजफ्फरपुर में बुधवार को 15 घरों में आग लग गई। इस घटना से मोहल्ले में अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। यह घटना जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया और कन्हौली के पास का है।
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर में बुधवार को उस समय अफरातफरी की स्थिति बन गई जब एक साथ दर्जनभर से ज्यादा घरों को आग ने अपने आगोश में ले लिया। इस घटना में 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति भी जल गई। बताया जा रहा है कि हवा के झोंकों से उठ रही आग की तेज लपटों को देखकर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। उसके बाद स्थानीय लोग आग को बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तेज हवा होने की वजह से आग की लपटें दूसरे घरों को अपने चपेट में ले रही थीं। इसके फौरन बाद स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी मिठनपुरा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी।