बाढ़ पीड़ित में प्रशासन के प्रति भारी असंतोष
- फोटो : अमर उजाला
राहत सामग्री को देख टूट पड़े बाढ़ पीड़ित, मची लूट
महिषी प्रखंड क्षेत्र के ब्रह्मपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर से जैसे ही राजस्व मंत्री का काफिला आगे बढ़ा कि पीछे से आ रहे एक पिकअप वाहन पर लदी राहत सामग्री पर लोगों की नजर पड़ी। उसके बाद लोग उस पर टूट पड़े, देखते ही देखते लूट मच गई। दरअसल, काफिले के पीछे चल रही पिकअप पर राहत सामग्री लदी थी, जो भाजपा लिखे झोलों में थी। दर्जनों महिला, बच्चे और बूढ़े राहत सामग्री की बात सुनकर पिकअप पर चढ़ कर उसे लूटने लगे। इस दौरान चालक लोगों से विनती करता रहा, लेकिन किसी ने एक नहीं सुनी। चालक चाह कर भी वाहन लेकर भाग नहीं सकता था, क्योंकि आगे भी महिलाएं और बच्चे थे। देखते ही देखते दस मिनट के अंदर पिकअप पर लदी पूरी राहत सामग्री को लोगों ने लूट लिया, जिसके बाद लोगों ने गाड़ी को छोड़ा। लोगों की परेशानी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसके बाद सड़क पर गिरे राशन को भी लोगों ने नहीं छोड़ा और उसे भी समेट कर अपने साथ ले गए।