जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने भारत में अपनी इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार Cyberster (साइबरस्टर) लॉन्च कर दी है। यह कार एक ओपन रूफ (कन्वर्टिबल) इलेक्ट्रिक रोडस्टर है।
जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने भारत में अपनी इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार Cyberster (साइबरस्टर) लॉन्च कर दी है। यह कार एक ओपन रूफ (कन्वर्टिबल) इलेक्ट्रिक रोडस्टर है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब साढ़े 72 लाख रुपये रखी गई है। लेकिन यह कीमत सिर्फ उन ग्राहकों के लिए है, जिन्होंने पहले से इस गाड़ी की बुकिंग कर रखी थी। बाकी ग्राहकों को यह कार करीब 75 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर मिलेगी।
कंपनी की दूसरी कार
MG Cyberster (एमजी साइबरस्टर) कंपनी भारत में दूसरी कार है, जिसे कंपनी अपने प्रीमियम एमजी सेलेक्ट डीलरशिप के जरिए बेचेगी। भारत में इस कार की पहली झलक भारतीय मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में दिखाई गई थी, जहां इसने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। यह भारत में एमजी की सबसे स्पेशल और यूनिक पेशकश मानी जा रही है।
MG Cyberster: लुक और डिजाइन
MG Cyberster का डिजाइन बेहद आकर्षक है। इसका लो-स्वंग (नीचे झुका हुआ) और कन्वर्टिबल बॉडी स्टाइल इसे सड़क पर अलग पहचान देता है। कार को खास इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है और इसका व्हीलबेस 2,690 मिमी है। पीछे की तरफ हल्का झुका हुआ बूट और सॉफ्ट लिप इसे और भी स्पोर्टी लुक देता है। इसके कंधे की लाइनें भी काफी स्मूद हैं और पूरी गाड़ी का शेप एरोडायनामिक है।
MG Cyberster: कलर ऑप्शन
यह इलेक्ट्रिक रोडस्टर भारत में चार एक्सटीरियर रंगों में उपलब्ध होगी। जिसमें कॉस्मिक सिल्वर, इंका येलो, इंग्लिश व्हाइट और डायनामिक रेड जैसे रंग शामिल हैं।
MG Cyberster: फीचर्स और डोर डिजाइन
Cyberster में 'सिजर स्टाइल' के दरवाजे दिए गए हैं, जो ऊपर की ओर खुलते हैं। यह भारतीय बाजार में पहली ऐसी इलेक्ट्रिक कार है, जिसमें यह फ्यूचरिस्टिक डिजाइन देखने को मिलता है। इसकी स्टाइलिंग और फीचर्स इस गाड़ी को बेहद खास बनाते हैं।
MG Cyberster: परफॉर्मेंस और बैटरी पावर
इस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार में 77 kWh की बैटरी दी गई है, जो गाड़ी के एक्सल्स के बीच फ्लोर बेस में फिट की गई है। यह ड्यूल मोटर्स से लैस है, जो मिलकर 510 bhp की पावर और 725 Nm का टॉर्क जनरेट करती हैं। कंपनी के मुताबिक, यह कार 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार सिर्फ 3.2 सेकंड में पकड़ सकती है। यह एमजी की अब तक की सबसे पावरफुल प्रोडक्शन कार है।
एक बार फुल चार्ज करने पर यह कार 510 किमी तक की दूरी तय कर सकती है।
MG Cyberster: ग्लोबल वैरिएंट भी मौजूद
दुनियाभर के बाजारों में MG Cyberster का एक और वेरिएंट भी बेचा जा रहा है। जिसमें रियर-व्हील ड्राइव सेटअप और छोटी 64 kWh बैटरी दी गई है। यह वेरिएंट 295 bhp की पावर देता है और इसकी रेंज थोड़ी ज्यादा यानी 519 किमी बताई जा रही है।