Honda Amaze 2021 : जापान की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी Honda (होंडा) भारत में जल्द ही अपनी कॉम्पैक्ट सेडान Amaze (अमेज) का 2021 फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने की तैयारी में है। होंडा अमेज सेडान मिड-लाइफ अपडेट्स के साथ आ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक लॉन्चिंग से पहले होंडा अमेज फेसलिफ्ट वर्जन डीलरशिप पर पहुंचना शुरू हो गई है। डीलरशिप पर कार की बुकिंग भी शुरू हो गई है। डीलरशिप पर नई अमेज को देखा गया है और नए मॉडल की तस्वीरें लीक हो गई हैं। लीक तस्वीरों से नई अमेज के एक्सटीरियर लुक और डिजाइन के साथ-साथ इंटीरियर और फीचर्स में होने वाले बदलवों के बारे में कई जानकारी का खुलासा हुआ है।
होंडा अमेज 2021 फेसलिफ्ट 18 अगस्त को अपने आधिकारिक लॉन्च के साथ भारतीय कार बाजार में अपनी जगह बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। एक नए अवतार में अमेज की एंट्री निश्चित रूप से सब-4-मीटर सेडान सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा को बढ़ा देगी। होंडा अमेज फेसलिफ्ट का मुकाबला मारुति सुजुकी डिजायर, हुंडई ऑरा, टाटा टिगोर और फोर्ड एस्पायर जैसी दूसरी कॉम्पैक्ट सेडान कारों के साथ होगा।
लुक और डिजाइन
2021 होंडा अमेज के एक्सटीरियर लुक औ डिजाइन में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। कार के टॉप स्पेक वेरिएंट में सबसे ज्यादा बदलाव देखने को मिलते हैं। लीक हुई तस्वीरों से पता लगता है कि कार में अपडेटेड ग्रिल के साथ एक नया फ्रंट सेक्शन दिया गया है। इसके ग्रिल में दो एक्स्ट्रा हॉरिजॉन्टल क्रोम स्लैट्स दिए गए हैं। इसमें इंटीग्रेटेड एलईडी-डीआरएल और एलईडी फ्रंट फॉग लैंप्स मिलते हैं। इसके अलावा एलईडी प्रोजेक्टर हैडलैंप नए क्रोम फिनिश डोर हैंडल्स 15 इंच के डायमंड कट डुअल टोन अलॉय व्हील भी दिए गए हैं। साथ ही इस सेडान के रियर में बंपर पर नए क्रोम गार्निश और रिफ्लेक्टर होंगे और फॉगलैम्प्स के चारों ओर नए क्रोम इंसर्ट दिए गए हैं।
इंटीरियर और फीचर्स
नई होंडा अमेज फेसलिफ्ट के फीचर्स की बात करें तो कार का इंटीरियर डिजाइन और लेआउट अमेज के मौजूदा मॉडल की तरह ही देखने को मिलेगा। कार में ग्लॉसी ब्लैक सराउंड के साथ नया और पहले से बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा। वहीं कार के अन्य फीचर्स में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसमें एपल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो के लिए वायरलेस कनेक्टिविटी और एलेक्सा वॉइस सपोर्ट मिल सकता है। हालांकि, कंपनी ने इसके डैशबोर्ड और स्टीयरिंग व्हील पर नए सिल्वर एक्सेंट देकर इसे लुक को रिफ्रेशिंग बनाया है। वहीं कार के इंटीरियर की थीम ब्लैक और बेज थीम है, जिसका लुक काफी आकर्षक है।
इंजन और पावर
रिपोर्ट के मुताबिक होंडा अमेज फेसलिफ्ट के इंजन और गियरबॉक्स में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। इस कॉम्पैक्ट सेडान में पहले की तरह 1.2-लीटर i-VTEC पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 90 hp का पावर और 110 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है। वहीं दूसरा इंजन 1.5-लीटर की डीजल यूनिट होगी, जो 100 hp का पावर और 200 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। CVT गियर बॉक्स के साथ यही डीजल इंजन 80 bhp का पावर और टॉर्क 160 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।