Solar Eclipse 2021 Effects Zodiac Sign: ज्येष्ठ अमावस्या तिथि पर साल का पहला सूर्य ग्रहण 10 जून को है। सूर्य ग्रहण वृषभ राशि और मृगशिरा नक्षत्र में लगेगा। भारतीय समयानुसार सूर्य ग्रहण दोपहर 01 बजकर 42 से शुरू हो जाएगा। 10 जून को सूर्य ग्रहण के साथ शनि जयंती और वट सावित्री व्रत भी है। 148 वर्षों बाद सूर्य ग्रहण, वट सावित्री व्रत और शनि जयंती एक साथ है। भारत में सूर्यग्रहण दिखाई नहीं देगा इस कारण से यहां सूतककाल मान्य नहीं रहेगा। ज्योतिषशास्त्र के अनुसार सूतककाल वहीं पर मान्य होता है जहां ग्रहण दिखाई देता है,इसलिए इस सूर्य ग्रहण में न तो मंदिर बंद होंगे और न ही पूजा आराधना। 10 जून को लगने वाला ग्रहण साल का पहला सूर्य ग्रहण है। इससे पहले पिछले महीने की 26 तारीख को भी साल का पहला चंद्र ग्रहण लगा था। अमावस्या तिथि पर लगने वाला यह सूर्य ग्रहण वलयाकार ग्रहण होगा। जिसमें एक समय पर सूर्य एकदम चमकती हुई अंगूठी की भांति दिखाई देगा। ग्रहण की शुरुआत 10 जून को दोपहर 1 बजकर 42 मिनट से होगी और इसका अंत शाम को 6 बजकर 41 मिनट पर होगा। सूर्यग्रहण पूरे 5 घंटे की अवधि तक रहेगा। विज्ञान के अनुसार जब सूर्य और पृथ्वी के बीच चंद्रमा आ जाता है तो चंद्रमा की छाया से सूर्य का प्रकाश कुछ देर के लिए ढक जाता है, इस घटना को ही सूर्य ग्रहण कहते हैं।