ग्रहों के राजा सूर्य 13 अप्रैल की मध्यरात्रि के बाद 2 बजकर 31 मिनट पर मीन राशि की यात्रा समाप्त करके अपने मित्र मंगल की राशि मेष में प्रवेश कर रहे हैं। इस राशि पर ये 14 मई की रात्रि 11 बजकर 22 मिनट तक गोचर करेंगे, उसके बाद वृषभ राशि में प्रवेश कर जाएंगे। इस राशि पर गोचर करते समय सूर्य सर्वाधिक बलवान माने गए हैं और इनके फल में भी कई गुना वृद्धि आ जाती है। किसी भी जातक की जन्म कुंडली में बलवान सूर्य राजसत्ता का पूर्ण सुख प्रदान करते हैं। ऐसे व्यक्ति धनी, मानी और यशस्वी होते हैं। वै जहां भी जाते हैं अपने आकर्षक व्यक्तित्व की छाप छोड़ देते हैं तथा जन-मानस को अपनी तरफ मोड़ लेते हैं। शोधपरक एवं आविष्कार कार्यों के क्षेत्र में ऐसे लोग अच्छा नाम कमाते हैं। फलित ज्योतिष के अनुसार मेष राशि और सिंह राशि में सूर्य सर्वाधिक बलवान माने गए हैं क्योंकि ये दोनों राशियां इनकी उच्च और स्वगृही हैं। मेष राशि पर इनके गोचरकाल में सभी राशियों पर कैसा प्रभाव पड़ेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।