फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monthly Horoscope February 2021: फरवरी माह में मेष और सिंह राशि वालों के सपने होंगे साकार, जानें अन्य राशियों का भी हाल

Mon, 01 Feb 2021 07:14 AM IST
रुस्तम राणा मधुकर मिश्रा, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 13
मासिक राशिफल फरवरी 2021 - फोटो : अमर उजाला
Monthly Horoscope February 2021 in Hindi: पढ़ें सभी 12 राशियों के लिए फरवरी 2021 का मासिक राशिफल। देखें इस महीने क्या कहते हैं आपके सितारे? फरवरी मासिक राशिफल 2021 में आपके आर्थिक, पारिवारिक, नौकरी, व्यापार, विवाह और प्रेम जीवन के अलावा अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की भविष्यवाणी दी गई हैं। अपनी राशि के अनुसार जानिए कैसा रहेगा फरवरी माह आपके लिए..
विज्ञापन

2 of 13
मेष मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

मेष मासिक राशिफल 

मेष राशि के जातकों के लिए फरवरी माह सपनों को सच साबित करने वाला होगा। लंबे अरसे से अटके कार्य पूरे होंगे। रोजी-रोजगार की दिशा में चल रहे प्रयास सार्थक होंगे। कॅरिअर और कारोबार को आगे बढ़ाने के कई अवसर प्राप्त होंगे। जिन सपनों को लेकर आप बीते कई महीनों से जी रहे थे, वो इस महीने साकार हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र में लोग आपकी प्रतिभा का लोहा मानेंगे। वरिष्ठ और कनिष्ठ दोनों का पूरा सहयोग मिलेगा। राजनीति के क्षेत्र में नई जिम्मेदारी के साथ कोई बड़ा पद या उपलब्धि भी हासिल हो सकती है। भूमि-भवन और संपत्ति से जुड़े मामलों को यदि कोर्ट कचहरी से बाहर निबटा लेंगे तो बेहतर रहेगा। घरेलू मसलों को सुलझाने के लिए किसी वरिष्ठ या शुभचिंतक की सलाह या सहयोग काफी मददगार साबित होगी। माह के मध्य अपनी सेहत और संबंधों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत रहेगी। यदि पार्टनरशिप में किसी कार्ययोजना को आगे बढ़ाने की सोच रहे हैं तो कानूनी रूप से सभी चीजें स्पष्ट करके ही आगे बढ़ें अन्यथा आपको आगे दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। प्रेम संबंध विवाह में भी बदल सकते हैं। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। 

विज्ञापन

3 of 13
वृष मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

वृष मासिक राशिफल

हारिए न हिम्मत, बिसारिए न राम। वृष राशि के जातकों को फरवरी माह में इस मंत्र के साथ आगे बढ़ना होगा। इस माह आपको अपने जीवन में काफी उथल-पुथल देखने को मिलेगी। कई बार आपकी किस्मत की गाड़ी रुक-रुककर आगे बढ़ेगी, लेकिन आप अपने धैर्य और विवेक के साथ इन सभी परिस्थितियों से पार पा सकते हैं। माह के प्रारंभ में अपनी सेहत पर विशेष ध्यान दें। इस दौरान मौसमी बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं या फिर कोई पुराना रोग उभर सकता है। कार्यक्षेत्र में विरोधियों और जीवन में गुप्त शत्रुओं से सावधान रहें। हालांकि आपके शुभचिंतक और मित्र हमेशा आपके कठिन समय पर आपकी मदद के लिए तैयार रहेंगे। माह के मध्य में पारिवारिक सुखों में कमी आ सकती है। जीवनसाथी का अडि़यल रुख आपकी चिंता का बड़ा कारण बन सकता है। संतान पक्ष के भविष्य की चिंता को लेकर मन चिंतित रहेगा। आर्थिक चिंताओं घेरेंगी। अनावश्यक चीजों पर धन खर्च होने के कारण मन खिन्न रहेगा। धन के लेनदेन में सावधानी रखें। व्यापारियों के लिए यह माह मध्यम साबित होगा। किसी तीसरे व्यक्ति के प्रवेश से प्रेम सबंधों में कड़वाहट आ सकती है। किसी भी प्रकार की गलतफहमियों को आपस में बैठकर दूर करें और दूसरों की सुनी-सुनाई बातों पर विश्वास न करें।

4 of 13
मिथुन मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

मिथुन मासिक राशिफल

मिथुन राशि के जातकों के लिए फरवरी माह में अत्यधिक सतर्क रह कर कार्य करने की जरूरत है। माह के प्रारंभ में कार्य विशेष के लिए अत्यधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। इस दौरान अनावश्यक चिंताएं घेरे  रहेंगी और कार्यों में कुछेक अड़चनें आ सकती है। कामकाज का दबाव बना रहेगा। मार्केटिंग और लाइजनिंग का कार्य करने वालों के सामने रिजल्ट देने की चुनौती रहेगी। अनचाहे जगह पर तबादला भी संभव है। माह के मध्य में परिजनों का विशेष सहयोग प्राप्त होगा, जिससे आप राहत महसूस करेंगे। इस दौरान संतान पक्ष से कोई सुखद समाचार प्राप्त होगा। जीवन की चुनौतियों का सामना करते वक्त जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा। कार्यों में सफलता के लिए कार्यक्षेत्र और परिवार में लोगों को मिलाकर चलें। माह के मध्य में फुटकर व्यापारियों को अपेक्षा से अधिक लाभ मिल सकता है। सुख-सुविधा के साधन बढ़ेंगे। प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। 
विज्ञापन

5 of 13
कर्क मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

कर्क मासिक राशिफल

कर्क राशि के जातकों के लिए यह माह मिला-जुला फल देने वाला होगा। माह के प्रारंभ में परिजनों का पूरा सहयोग मिलेगा और अचानक कहीं से सुखद समाचार प्राप्त होगा। भूमि-भवन, संपत्ति से जुड़े मामलों में सफलता मिलेगी। पूर्व में किए गए धन निवेश में लाभ होगा। लेकिन माह के मध्य में कार्यक्षेत्र में अत्यधिक सावधानीपूर्वक कार्य करने की आवश्यकता रहेगी। इस दौरान विरोधी आप पर हावी होने की कोशिश कर सकते हैं। नये कारोबार या अजीविका के साधन को लेकर कुछेक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इस दौरान प्रेम सबंधों को लेकर सावधानी अपेक्षित है, अन्यथा आपकी प्रतिष्ठा पर भी आंच आ सकती है। लव पार्टनर या जीवनसाथी के प्रति वफादार रहें, अन्यथा बड़ा वाद-विवाद हो सकता है। माह के अंत में आप पर आलस्य हावी हो सकता है। इस दौरान चीजों को कल पर टालने से बचें, अन्यथा बने-बनाये काम बिगड़ सकते हैं। परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों को सफलता के लिए अत्यधिक परिश्रम की आवश्यकता होगी।
विज्ञापन

6 of 13
सिंह मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

सिंह मासिक राशिफल

सिंह राशि के लिए यह माह अत्यंत शुभ साबित होने वाला है। माह के प्रारंभ में सामाजिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। कॅरिअर-कारोबार की दिशा में नए रास्ते खुलेंगे। इस दौरान अर्थ लाभ एवं उन्नति के अधिक अवसर मिलेंगे। मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी। पारिवारिक और आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। इस दौरान धनागम में वृ्द्धि होगी लेकिन सुख-सुविधाओं पर खर्च भी खूब होगा। हालांकि अपनी आमदनी के अनुसार ही खर्च करें अन्यथा कठिनाई का भी सामना करना पड़ सकता है। किसी रुके हुए कार्य को पूरा करने के लिए आर्थिक लेन-देन करना पड़ सकता है। धन के लेन-देन के दौरान कागजी हिसाब-किताब पूरी तरह से दुरुस्त रखें। महीने के तीसरे सप्ताह में घर में मांगलिक कार्य संपन्न होंगे। पारिवारिक सदस्यों के एकसाथ होने से खुशी का माहौल बना रहेगा। इस दौरान लंबी या छोटी दूरी की यात्रा भी संभव है। यात्रा सुखद एवं लाभदायक साबित होगी।  प्रेम संबंधों में उपजी गलतफहमियां दूर होंगी। लव पार्टनर के साथ बेहतर समय बिताने के अवसर प्राप्त होंगे। दांपत्य जीवन में मधुरता आयेगी। 
विज्ञापन

7 of 13
कन्या मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

कन्या मासिक राशिफल

माह के प्रारंभ में कुछेक उलझनें बनी रहेंगी, जिन्हें सुलझाने के लिए मित्रों एवं शुभचिंतकों की मदद कारगर साबित होगी। इस दौरान लोगों के साथ संयमपूर्वक व्यवहार करें और किसी के फटे में टांग न अड़ाएं, अन्यथा आपको लेने के देने पड़ सकते हैं। लोगों से मेलजोल बढ़ाने पर सफलता का प्रतिशत बढ़ सकता है। इस दौरान धन के लेन-देने में खूब सावधानी बरतें। माह के मध्य में भी अधिक परिश्रम करने पर ही सफलता मिलने के योग बनेंगे। अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए आलस्य छोड़ लगातार कार्य करना होगा। माह के अंत में व्यवसाय में अपेक्षित लाभ की स्थिति बनेगी लेकिन धन खर्च भी साथ ही साथ बढ़ेगा। कॅरिअर और कारोबार में सफलता के लिए खुद पर विश्वास बनाए रखें एवं सूझ-बूझ से कोई बड़ा निर्णय लें। प्रेम-प्रसंग आदि में परस्पर मतभेद उभर सकते हैं। जीवनसाथी की भावनाओं की उपेक्षा न करें।

8 of 13
तुला मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

तुला मासिक राशिफल

तुला राशि के जातकों के लिए यह माह मिश्रित फलदायक होगा। इस माह कार्यक्षेत्र में अत्यधिक परिश्रम करने पर ही लाभ एवं उन्नति की संभावना बनेगी। मास के उत्तरार्ध की अपेक्षा पूर्वाद्ध अधिक सकारात्मक होगा। शत्रु पक्ष को अपनी कमजोरियों का पता न लगने दें, अन्यथा वे उसका लाभ उठाने की कोशिश कर सकते हैं। इस पूरे माह कार्यक्षेत्र में गुप्त शत्रुओं से भी सावधान रहने की आवश्यकता बनी रहेगी। किसी योजना विशेष पर कार्य को अंजाम देने के लिए किसी दूसरे की बजाव स्वयं पर विश्वास करना ही उचित होगा, क्योंकि इष्ट-मित्रों का सहयोग कम ही प्राप्त हो पाएगा। भावना में बहकर भूमि-भवन या पारिवारिक संपत्ति से जुड़ा कोई बड़ा फैसला न लें, अन्यथा भविष्य में आपको पछताना पड़ सकता है। माह के मध्य में परिवार के साथ लंबी या छोटी दूरी की यात्रा संभव है। माता-पिता का स्नेह और सहयोग प्राप्त होगा। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी और दांपत्य जीवन में सुख-सहयोग बना रहेगा। 

9 of 13
वृश्चिक मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला
वृश्चिक मासिक राशिफल
फरवरी माह में वृश्चिक राशि को मनचाही सफलता पाने के लिए अत्यधिक परिश्रम करने की आवश्यकता रहेगी। साथ ही साथ समय का प्रबंधन भी जरूरी रहेगा। भूमि-भवन संबंधी कोई बड़ा निर्णय खूब सोच-विचार कर ही लें। इस बात का पूरा ख्याल रहे कि अत्यधिक महत्वाकांक्षा रखने पर आपकी परेशानियां बढ़ सकती हैं। पारिवारिक दायित्वों के प्रति पूरी तरह सचेत रहें। निजी जीवन में विवादों को तूल न दें अन्यथा बात ज्यादा बढ़कर कलह का रूप ले सकती है। वाणी पर संयम रखें और किसी को कटु वचन कहने से बचें। वैवाहिक जीवन में पति-पत्नी के मध्य कुछेक समस्याएं उपज सकती हैं। इस पूरे माह सेहत संबंधी दिक्कतों की अनदेखी न करें। माह के अंत में छात्रों को आशाजनक परिणाम मिल सकते हैं। इस दौरान प्रेम-प्रसंग में परस्पर सहयोग और सामंजस्य बना रहेगा। संतान पक्ष से भी कोई सुखद समाचार सुनने को मिल सकता है।

10 of 13
धनु मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

धनु मासिक राशिफल

ग्रह-गोचर के अनुसार इस माह धनु राशि के जातकों को कार्यों में सफलता पाने के लिए धैर्य एवं विवेक की अत्यंत आवश्यकता बनी रहेगी। ऐसा होने पर आप अपने पराक्रम एवं अच्छी सूझ-बूझ से कार्यक्षेत्र में उन्नति प्राप्त करने में सफल हो सकते हैं। दूसरे की भावनाओं की निश्चित रूप से कद्र करें लेकिन गुप्त शत्रुओं से सावधान रहें और बगैर सोचे-समझे किसी की बात पर भरोसा न करें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। चोट-चपेट की आशंका है। माह के मध्य में मित्रों परिजनों संग हंसी-खुशी के पल बिताने का अवसर प्राप्त होगा। धार्मिक यात्रा या किसी धार्मिक आयोजन में शामिल होने का अवसर मिलेगा। संपत्ति के क्रय-विक्रय करने से पहले खूब सोच-विचार कर निर्णय लें। किसी वरिष्ठ की सलाह लाभदायक साबित होगी। माता-पिता से स्नेह और सहयोग प्राप्त होगा। प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। परीक्षा-प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे छात्रों के लिए यह माह शुभ साबित होगा। 

11 of 13
मकर मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

मकर मासिक राशिफल

मकर राशि के जातकों के लिए फरवरी माह का पूर्वार्द्ध मिश्रित फलदायक रहने वाला है। कार्यक्षेत्र में ज्यादा मेहनत करने पर ही अच्छे परिणाम की प्राप्ति हो पाएगी। इस दौरान आर्थिक मामलों में सावधानी अपेक्षित है। आय के साथ व्यय भी उसी अनुपात होगा, इसलिए हाथ दबाकर खर्च करें, अन्यथा महीने के अंत तक कर्ज लेने की नौबत आ सकती है। शेयर बाजार आदि में सोच-समझकर धन लगाएं। भूमि-भवन, पैतृक संपत्ति से जुड़े कुछ पारिवारिक विवाद उत्पन्न हो सकते हैं। मास का उत्तरार्द्ध पूर्वार्द्ध के मुकाबले बेहतर राहत भरा रहेगा। इस दौरान कार्य एवं व्यवसाय में लाभ होगा। उच्च अधिकारियों का सपोर्ट मिलेगा। प्रेम-प्रसंग में आ रही अड़चनें दूर होंगी। लव पार्टनर के साथ बेहतर समय व्यतती करेंगे। संतान पक्ष से जुड़ी किसी बड़ी समस्या का समाधान होगा। दांपत्य जीवन में स्नेह बना रहेगा। सेहत से जुड़ी समस्याओं की अनदेखी न करें। हड्डी से जुड़े रोग उभर सकते हैं। 

12 of 13
कुंभ मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

कुंभ मासिक राशिफल

फरवरी माह की शुरुआत में किसी व्यक्ति विशेष की मदद से किसी बड़ी समस्या का समाधान खोजने में कामयाब होंगे। दूसरे की बातों में बहकावे में आने से बचें। शत्रु पक्ष से विशेष रूप से सावधान रहें। किसी को फ्लर्ट करने से बचें, अन्यथा सामाजिक बदनामी के शिकार हो सकते हैं। वाहन धीरे चलाएं। खान-पान में विशेष सावधानी रखें। पेट संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। रोजगार की तलाश में जुटे लोगों का इंतजार थोड़ा और लंबा हो सकता है। थोक व्यापारियों के मुकाबले फुटकर व्यवसायियों का कारोबार ज्यादा बेहतर रहेगा। माह के अंत में परीक्षा प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे छात्रों का मन पढ़ाई से उचट सकता है। इस दौरान युवाओं का अधिकांश समय मौज-मस्ती करते हुए बीतेगा। छोटी या लंबी दूरी की यात्रा संभव है। कुंभ राशि के जातकों को प्रेम-प्रसंग में संभल कर कदम उठाने की जरूरत रहेगी। लव पार्टनर की भावनाओं की कद्र करें, अन्यथा बने बनाए संबंध टूट सकते हैं। 
विज्ञापन

13 of 13
मीन मासिक राशिफल - फोटो : अमर उजाला

मीन मासिक राशिफल

मीन राशि के जातकों के लिए फरवरी माह में कॅरिअर-कारोबार में अपेक्षा से अधिक प्रगति देखने को मिलेगी। माह के प्रारंभ में ही लंबे समय से अटके कार्यों में गति आयेगी। सत्तापक्ष से लाभ के योग बनेंगे। ऐशो-आराम के साधन तथा वाहन आदि संसाधनों पर खर्च बढ़ेंगे। पूर्व में किए गए धन निवेश का लाभ मिलेगा। विदेश संबंधित कार्यों करने वालों का उच्च प्रतिष्ठित लोगों से मुलाकात होगी जो कि भविष्य में लाभ प्राप्ति का बड़ा जरिया बनेगी। महीने के मध्य में भी सौभाग्य का पूरा साथ मिलेगा। कठिन कार्यों में भी सफलता प्राप्त होगी। इस दौरान नये कार्य की योजना बनेगी लेकिन माह के अंत में ज्यादा सचेत रहने की जरूरत रहेगी। इस दौरान किसी भी व्यकित् पर आंख मूंदकर विश्वास न करें, अन्यथा धोखा मिल सकता है। किसी भी विवाद को कोर्ट-कचहरी से बाहर निबटाना लेना उचित रहेगा। छात्रों को सफलता प्राप्ति के लिए आलस्य छोड़कर कठिन मेहनत करनी होगी। प्रेम संबंधों में मजबूती आयेगी। दांपत्य जीवन सुखी रहेगा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें