जहां भारतीय कप्तान धोनी की टीम हार रही है वहीं वह हर मैच में रिकॉर्ड रचते जा रहे हैं। नेपियर के बाद हैमिल्टन में भी नया रिकॉर्ड बनाया।
विज्ञापन
वह वनडे क्रिकेट में बतौर कप्तान 200 शिकार करने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बन गए हैं। उन्होंने 156 मैचों में टीम इंडिया के लिए कप्तानी करते हुए 142 कैच लपके। साथ ही 59 बल्लेबाजों को स्टंप आउट कर उन्हें पवेलियन की राह दिखाई।
इसके अलावा बतौर कप्तान उन्होंने वनडे में 38वां अर्धशतक जमाया। जहां तक ओवरऑल अर्धशतक की बात है उन्होंने कुल 52 अर्धशतक लगाए हैं।
'टीम में बदलाव का वक्त आ गया'
न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दो वनडे हारने के बाद टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आगामी मैचों में टीम में कुछ बदलाव करने का फैसला किया है।
कप्तान धोनी के अनुसार न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए टीम में कुछ बदलाव करने होंगे। भारतीय कप्तान ने कहा, "हमें कुछ चीजें बदलनी होगी और यह देखना होगा कि हम अपनी क्रिकेट कैसे खेलते हैं। यह काफी अहम होगी। कुछ चीजें ऐसी हैं जो हमारे मुताबिक नहीं हुई हैं लेकिन यह काफी महत्वपूर्ण है कि यदि आपको मौका मिले तो आप मैच जीते।"
ओपनर शिखर धवन और रोहित शर्मा के खराब प्रदर्शन पर धोनी ने कहा, "एक बार जब अच्छी शुरुआत मिल जाए तो ओपनरों को उसे लंबा ले जाना चाहिए जिससे वे ज्यादा शॉट्स खेल सके, ज्यादा रन बटोर सके और मध्यक्रम के ऊपर से दबाव हटा सके।"
कीवी गेंदबाजों की चालाकी भांप नहीं सके
टीम इंडिया के मनोबल पर धोनी ने कहा, "हमारे लड़के मानसिक तौर पर काफी मजबूत हैं और वे ड्रेसिंग रूम का माहौल हमेशा सकारात्मक रखते हैं।"
भारतीय कप्तान ने कहा कि बल्लेबाज शुरुआत तो अच्छी कर रहे हैं लेकिन हम उसे 50 रन और बड़ी साझेदारी में नहीं बदल पा रहे हैं। धोनी का मानना है कि एक बार जब अच्छी शुरुआत मिल जाए तो उसे बल्लेबाजों को बड़ी साझेदारी में बदलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमारी योजना 25-26वें ओवर से गेंद को हिट करने की थी लेकिन कई बार चीजें आपकी योजना के हिसाब से नहीं चल पाती हैं। मुझे इस बात की खुशी है कि हमारे तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया।
साथ ही कप्तान धोनी ने कहा, "न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने अपनी धीमी गेंदों का बेहद चालाकी के साथ इस्तेमाल किया। ऐसी गेंदों को लगातार मारना मुश्किल होता है। यही कारण है कि हम लक्ष्य के आसपास नहीं पहुंच पाए।"
रैंकिंग में 'मेमने' ने किया 'शेर का शिकार'
भारतीय टीम सीरीज में 120 रेटिंग अंकों के साथ उतरी थी। वर्ल्ड चैंपियन भारत और आठवें पायदान पर काबिज न्यूजीलैंड के बीच 36 रेटिंग अंकों का अंतर था।
लेकिन भारत को सीरीज में शुरुआती लगातार दो मैच गंवाने पड़े। वह पहला वनडे 24 रन से और दूसरा वनडे 15 रन से हार गया। इस हार से भारत को तीन रेटिंग अंकों का नुकसान हुआ और वह 117 रेटिंग अंकों पर आकर अपना शीर्ष रैंकिंग गंवा बैठा।
टीम इंडिया की हार का सीधे फायदा ऑस्ट्रेलिया को हुआ जिसने एक बार फिर वनडे क्रिकेट में नंबर वन रैंकिंग हासिल कर ली। ऑस्ट्रेलिया के खाते में 118 रेटिंग अंक हैं। कंगारू टीम इंग्लैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बनाए हुए हैं।
गई एक साल पुरानी बादशाहत
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड से सीरीज में लगातार दो मुकाबले गंवाने के साथ ही वनडे क्रिकेट में जनवरी 2013 से चली आ रही अपनी बादशाहत गंवा दी।
महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में भारत ने जनवरी 2013 में इंग्लैंड को अपदस्थ कर आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर एक स्थान हासिल किया था।
भारत ने पिछले वर्ष लगातार छह वनडे टूर्नामेंट और सीरीज जीती थी लेकिन साल के अंत में उसे दक्षिण अफ्रीका के हाथों तीन मैचों की सीरीज में 0-2 की पराजय झेलनी पड़ थी। सीरीज का एक मैच बारिश से पूरा नहीं हो सका था।
आईसीसी की वनडे रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया (118), के बाद भारत (117) दूसरे और दक्षिण अफ्रीका (110) तीसरे स्थान पर है। जबकि श्रीलंका (108) चौथे और इंग्लैंड (108) पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।
वहीं पाकिस्तान 101 रेटिंग अंकों के साथ छठे स्थान पर है जबकि लगातार दो वनडे जीतने से न्यूजीलैड को छह अंकों का फायदा हुआ और वह 90 अंकों के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गया है।
न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के 90-90 अंक हैं, लेकिन बेहतर रन औसत के कारण न्यूजीलैंड सातवें और वेस्टइंडीज आठवें स्थान पर हैं।