हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह ह़ुड्डा ने ग्लासगो में जारी कॉमनवेल्थ खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन और पदक जीतने पर बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए भारी भरकम इनाम राशि का ऐलान भी किया। उनके अनुसार, कॉमनवेल्थ खेल में गोल्ड मेडल जीतने वाले हरियाणा के खिलाड़ी को एक करोड़ रुपये, सिल्वर मेडल विजेता को 50 लाख रूपये और कांस्य पदक विजेता को 25 लाख रूपये नगद पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।
हरियाणा के पहलवानों ने दिलाए तीन गोल्ड
बीसवें कॉमनवेल्थ गेम्स की कुश्ती प्रतियोगिता में मंगलवार को भारत की जोरदार शुरुआत हुई, वहीं हरियाणा के खिलाड़ियों ने कुश्ती में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीत लिए।
कुश्ती के मुकाबले में सुशील कुमार ने 74 किलोग्राम में पाकिस्तान के का. अब्बास को पटखनी देते हुए गोल्ड जीता। वहीं, अमित कुमार ने मंगलवार को 57 किग्रा. भार वर्ग में देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। सोनीपत के इस पहलवान ने नाइजीरिया के विल्सन को 6-2 से शिकस्त दी।
महिलाओं में विनिश ने नाम रोशन किया
महिला पहलवान भिवानी की छोरी विनिश ने 48 किलोग्राम में स्वर्ण पदक जीता। यमुनानगर जिले के शूटर संजीव राजपूत ने थ्री पोजिशन राइफल शूटिंग स्पर्धा में रजत पदक जीता।
इससे पहले निशानेबाजों ने मंगलवार को दो रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। करनाल के हरप्रीत सिंह ने 25 मीटर रैपिड पिस्टल स्पर्धा का रजत और वहीं 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में संजीव राजपूत ने रजत व गगन नारंग ने कांस्य जीता। पंजाब के मानवजीत संधू ने ट्रैप स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। वेटलिफ्टिंग में विकास ने सिल्वर जीता।