आजकल के समय में कोई भी बैड-कोलेस्ट्रॉल नामक शब्द से अनजान नहीं है। बैड कोलेस्ट्रॉल का मतलब है एलडीएल यानि लो डेंसिटी लिपो प्रोटीन। ये व्यक्ति के दिल में पाया जाने वाला एक ऐसा चिपचिपा पदार्थ है, जिसकी अधिकता के कारण दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा रहता है।
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के मुताबिक, आजकल विश्वभर के लगभग सभी देशों में तकरीबन 3 युवाओं में से एक को एलडीएल कोलेस्ट्रॉल की समस्या हो रही है। अगर हम अपनी दिनचर्या में बदलाव करें और सही डाइट लें तो इस बीमारी से छुटकारा पाना मुश्किल नहीं है।
1. ओट्स
सुबह के समय नाश्ते में ओट्स खाना स्वस्थ दिन की शानदार शुरुआत है। 6 हफ्ते तक सुबह नाश्ते में प्रतिदिन ओट्स का दलिया लेने से एलडीएल को 5.3% तक घटा सकते हैं।
2. रेड वाइन
जो लोग वाइन पीने का शौक रखते हैं, उनके लिए अच्छी खबर है। हफ्ते में 2 बार थोड़ी सी रेड ग्रेप वाइन पीना कोलेस्ट्रॉल को कम करने मे मदद करता है।
3. साल्मन फिश
जो लोग मछली खाते हैं उनके लिए भी कोलेस्ट्रॉल को घटाना आसान है। दरअसल, हमारे शरीर को स्वस्थ फैटी एसिड और अमीनो एसिड की जरूरत होती है।
शरीर को एनर्जी और विटामिन-डी देने के अलावा साल्मन फिश में स्वस्थ फैटी एसिड और अमीनो एसिड भरपूर मात्रा में होते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल को कम करने में उपयोगी हैं।
4. ड्राई फ्रूट्स
अब आप हर रोज मुट्ठी भर सूखे मेवे बिना किसी चिंता के खा सकते हैं। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की मानें तो सूखे मेवे खाना हमारी सेहत के लिए बहुत जरूरी है, क्योंकि इनमें प्रोटीन फाइबर और विटामिन-ई भरपूर मात्रा में होते हैं।
साथ ही मेवों में स्वस्थ फैटी एसिड भी पाया जाता है जो केमिकल्स में प्रोसेस नहीं होता है और कोलेस्ट्रॉल को कम करने में काफी असरदार है।
5. अंकुरित दालें
अंकुरित दालों को अगर दिल का दोस्त कहा जाए तो गलत नहीं होगा। अपने दिन के खाने में कम से कम आधा कप बीन्स जैसे राजमा, चने, मूंग, सोयाबीन और उड़द को आप सूप, सलाद या सब्जी किसी भी रूप में ले सकते हैं।
अंकुरित दालों का रोजाना सेवन बुरे कोलेस्ट्रॉल को घटाता है।
6. ग्रीन टी
ग्रीन टी में कॉफी की तुलना में काफी कम कैफीन पाई जाती है। साथ ही शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखने और स्वस्थ रखने वाले एंटी-ऑक्सीडेंट भी ग्रीन-टी में ज्यादा होते हैं।
रोजाना ग्रीन-टी पीने से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है जिससे बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करना आसान हो जाता है।
7. डार्क चॉकलेट
डार्क चॉकलेट खाना भी कोलेस्ट्रॉल कम करने में उपयोगी है, क्योंकि इसमें पाए जाने वाले एंटी-ऑक्सीडेंट्स से रक्त नलिकाएं मजबूत बनती हैं। जिससे दिल का दौरा पड़ने की आशंका कम होती है।
8. हरी पत्तेदार सब्जियां
हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन भी कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। क्योंकि हरी पत्तेदार सब्जियों में विटामिन ए, बी, सी के साथ आयरन और कैल्शियम भी पाया जाता है।
ये सभी पोषक तत्व शरीर को सेहतमंद बनाने के साथ-साथ रक्तसंचार दुरुस्त करते हैं, जिससे दिल सुगमता से अपना काम करता है।
9. ऑलिव ऑयल
ऑलिव यानि जैतून के तेल में पका हुआ खाना कोलेस्ट्रॉल के मरीजों के लिए सबसे उपयुक्त रहता है क्योंकि इसमें बना खाना हल्का और सुपाच्य होता है और साथ ही उसमें मोनो अनसैचुरेटेड फैटी एसिड पर्याप्त मात्रा में होते हैं जो कोलेस्ट्रोल को कम करने में मदद करते हैं।
10 लहसुन
लहसुन का नियमित सेवन रक्तचाप, रक्तसंचार और ब्लड शुगर स्तर को सामान्य रखने के अलावा बैड कोलेस्ट्रॉल को घटाने में भी उपयोगी है।