बर्फ सुनते ही आपके दिमाग में क्या आता है? बर्फ से भरी आपकी पसंदीदा ड्रिंक, बर्फ का गोला या चारों तरफ बर्फ से ढंकी बर्फ की वादियां। हो सकता है आपने कभी ऐसा सोचा न हो लेकिन बर्फ का एक छोटा सा टुकड़ा आपके लिए एक कूल मेकअप भी साबित हो सकता है।
वाकई, बर्फ में ऐसे बहुत से गुण होते हैं जिसके कारण आप इसे मेकअप की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
1. त्वचा को मिलेगा निखार
अगर आप कहीं बाहर जा रहे हैं और आपके पास बिल्कुल भी वक्त नहीं है कि आप मेकअप कर सकें। एक छोटा सा बर्फ का टुकड़ा लीजिए और उसे टिशू या किसी कपड़े में लपेट कर चेहरे पर लगा लीजिए। यह एक टुकड़ा बर्फ आपकी त्वचा को एक नया निखार देगा।
2. टैनिंग से राहत
आपकी त्वचा सनबर्न की वजह से टैन हो गई है तो एक आइस क्यूब आपकी मदद कर सकती है। बस एक टुकड़ा बर्फ लीजिए और उसे कुछ देर शरीर के उस हिस्से पर लगाइए जो टैन है। आइस सनबर्न को कम करने में बहुत मददगार होती है।
3. आंखों को भी ताजगी
आपकी आंखें दुखती हैं क्योंकि आप लंबे वक्त तक ऑफिस में कम्प्यूटर स्क्रीन के आगे बैठे रहते हैं। आंखों को ताजगी देने के लिए भी एक बर्फ का टुकड़ा ही काफी है। किसी भी कपड़े या टिशू में लपेटकर बर्फ के टुकड़े को अपनी आखों पर रखिए। कुछ देर बाद ही आपको बहुत राहत महसूस होगी।
4. दर्द से भी राहत
कई लोग पार्लर जाने की बजाए घर पर ही आईब्रोज बनना पसंद करते हैं। लेकिन आईब्रोज प्लक करने में बहुत दर्द होता है। इस दर्द से छुटकारा पाने के लिए भी बर्फ बहुत उपयोगी है। एक आइस क्यूब लीजिए और उसे आईब्रो के चारों ओर घिस लीजिए । ऐसा करने से वह हिस्सा कुछ देर के लिए सुन्न हो जाएगा और आईब्रो बनाने में बहुत ज्यादा दर्द भी नहीं होगा।
5. पिंपल के लिए भी कूल
अगर पिंपल आपकी बहुत बड़ी परेशानी है तो आपके लिए है यह कूल आइडिया। एक आइसक्यूब लीजिए और उसे 10 मिनट के लिए वहां लगाइए जहां पिंपल है। बर्फ सिर्फ पिंपल हटाती ही नहीं है बल्कि पिंपल से हुए पोर्स को बंद भी कर देती है।
6. शरीर को मिले राहत
अगर आप मांसपेशियों में दर्द की वजह से परेशान हैं तो यहां भी बर्फ आपकी मदद कर सकती है। शरीर के जिस हिस्से में दर्द है वहां कुछ देर बर्फ की सिकाई करिए। दर्द में काफी राहत मिलेगी।
7. जलन करे कम
खाना बनाते या कोई भी दूसरा काम करते हुए आपका हाथ या शरीर का कोई हिस्सा जल जाए। जले हुए हिस्से पर बर्फ लगाइए। बर्फ लगाने से दर्द भी कम होगा और निशान भी गहरा नहीं पड़ेगा।