फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मजदूर का बेटा लेगा, चीन में कुंग-फू की ट्रेनिंग

Thu, 19 Jun 2014 06:48 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
अलीगढ़ में रहने वाले एक मजदूर के बेटे की किस्मत बदल गई है। अब राजा बाबू शाओलिन कुंग-फू (मिक्स मार्शल आर्ट) की ट्रेनिंग लेने चीन जा रहा है।
विज्ञापन


उसे इस मुकाम तक पहुंचाने में अमर उजाला ने अहम योगदान निभाया। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद उसे ये मौका मिला है। खुद राजा बाबू का सपना इस खेल में दुनिया का नंबर वन खिलाड़ी बनने का है।

राजा बाबू का परिवार अतरौली के गांव बहादुरपुर में रहता है। उसके पिता राजकुमार मजदूरी करके पत्नी और पांच बच्चों के अपने परिवार का खर्च चलाते हैं।

कूंग-फू में चैंपियन बनने का सपना

गांव के स्कूल में कक्षा 8 में पढ़ रहा उनका बेटा राजा बाबू कुछ साल पहले गाजियाबाद अपने चाचा अजय के पास घूमने गया था। यहां उसके चाचा सैलून की दुकान चलाते हैं।

एक दिन उसने बच्चों को ‘ओ स्पोर्ट्स’ (मिक्स मार्शल आर्ट) की ट्रेनिंग लेते देखा। यह खेल उसे पसंद आ गया। वह कोच के पास पहुंच गया और सीखने की इच्छा जाहिर की। 500 रुपये महीने की फीस पर राजाबाबू ने इसका प्रशिक्षण लेना शुरू किया।

जल्द ही कोच सचिन पंवार को अहसास हो गया कि यह बच्चा साधारण नहीं हैं। उन्होंने फीस माफ कर राजा बाबू को प्रशिक्षण देना शुरू किया। फिर मजदूर के इस बेटे ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उसने नेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड जीता। साल 2012 में दिल्ली में आयोजित चौथी एशियन प्रतियोगिता में गोल्ड जीतकर उसने टर्की में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।

अमर उजाला ने दिया बड़ा सहयोग

अब आर्थिक मजबूरी सामने आ गई। टर्की जाने के लिए राजाबाबू के पास पैसे नहीं थे। उसी समय अमर उजाला की नजर इस प्रतिभाशाली बच्चे पर पड़ी और अखबार में एक्सक्लूसिव खबर प्रकाशित की गई।

उसके बाद अमर उजाला और डीपीएस प्रबंधन के बीच इस प्रतिभाशाली बच्चे के सहयोग को लेकर बातचीत हुई। राजा बाबू का हौंसला देखकर डीपीएस के प्रो-वाइस चेयरमैन स्वप्निल जैन प्रभावित हुए और उसे स्कूल में दाखिला देकर पूरा खर्च उठाने का फैसला लिया।

अमर उजाला की पहल पर उन्होंने 2012 में राजा बाबू को टर्की भेजने की पूरी व्यवस्था की। टर्की के वर्ल्ड चैंपियनशिप में राजा बाबू ने भारत के लिए गोल्ड जीतकर यह साबित कर दिया कि अमर उजाला ने प्रतिभा पहचान में कोई चूक नहीं की है।
विज्ञापन

चीन में एक साल की ट्रेनिंग

अब वह एक साल तक चीन में शाओलिन कुंग-फू की ट्रेनिंग लेगा। राजा बाबू ने कहा, "अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद उसकी तकदीर बदल गई और सपने साकार करने का सुअवसर मिलता चला गया।"

उसकी इच्छा मिक्स मार्शल आर्ट में दुनिया का शीर्ष खिलाड़ी बनकर भारत का नाम रोशन करने की है। डीपीएस के प्रोवाइस चेयरमैन स्वप्निल जैन ने कहा, "अगर राजा बाबू चीन में एक वर्षीय प्रशिक्षण के बाद सारे टेस्ट में सफल रहते हैं तो विद्यालय के खर्च पर आगामी पांच साल तक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।"

राजा बाबू को स्कूल की प्रधानाचार्या शुभा नारायण और अन्य स्टाफ ने उसे शुभकामनाएं देकर विदा किया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें