स्मृति ईरानी की डिग्री को लेकर मचे बवाल पर बीजेपी की फायर ब्रांड नेता और कैबिनेट मंत्री उमा भारती ने मोर्चा संभाला है। उन्होंने इस मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया।
उमा भारती ने कांग्रेस से पूछा, "सोनिया गांधी पिछले 10 साल से यूपीए सरकार को हेड कर रही थीं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार को वह दिशा-निर्देश देती थीं। आखिर सोनिया गांधी की शैक्षणिक योग्यता क्या है।"
साथ ही उन्होंने कहा, "सोनिया गांधी को अपने पार्टी नेताओं को इस तरह के बयान देने से रोकना चाहिए।"
माकन के ट्वीट से बवाल
ये पूरा हंगामा स्मृति ईरानी को मानव संसाधन विकास मंत्री बनाए जाने के बाद शुरू हुआ। जिसकी शुरूआत कांग्रेस नेता अजय माकन ने की। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट कर स्मृति ईरानी के ग्रेजुएट नहीं होने पर सवाल उठाए।
हालांकि कांग्रेस के कई दूसरे नेताओं ने माकन के ट्वीट का विरोध किया। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा, "हमें किसी पर निजी हमलों से बचना चाहिए।"
इन सबके बीच बुधवार को जल संसाधन, नदी विकास और गंगा पुनर्जीवीकरण मंत्री के तौर पर पदभार ग्रहण करने पहुंची उमा भारती से जब इस मुद्दे पर सवाल किया गया तो वह कांग्रेस पर भड़क उठी।
'क्या है सोनिया की शैक्षणिक योग्यता?'
पहले तो उमा भारती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह को मंत्री बनाने पर आभार जताया। इसके बाद उमा उग्र हो गई और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
उमा ने कहा, "मैं कांग्रेस राज के दौरान देश चलाने वाली सोनिया गांधी के एजुकेशन सर्टिफिकेट देखना चाहती हूं। कांग्रेस वह दिखाएं और फिर आगे बात करें।" केंद्रीय मंत्री ने कहा, "सोनिया गांधी को चाहिए कि वह कांग्रेसी नेताओं को इस मुद्दे पर चुप कराएं।"
फिलहाल केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने अपनी शिक्षा को लेकर जारी विवाद पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है, लेकिन बीजेपी खुलकर उनके बचाव में आ गई है।