विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की फेलोशिप तथा स्कॉलरशिप पाने वाले छात्र-छात्राओं को नए साल से पहले बड़ी सौगात मिली है। आयोग ने सभी तरह की फेलोशिप की धनराशि 55 फीसदी तक बढ़ा दी है। इसमें 15 तरह की फेलोशिप और छात्रवृत्ति शामिल है। लाभार्थियों को बढ़ी हुई फेलोशिप-छात्रवृत्ति एक दिसंबर से मिलेगी।
छात्र-छात्राओं की लगातार मांग के बाद यूजीसी ने फेलोशिप और स्कॉलरशिप में बढ़ोतरी के लिए विशेषज्ञों की कमेटी गठित की थी। कमेटी की 17 नवंबर की बैठक में इसमें 55 फीसदी बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया। इसके तहत आयोग की इमरटस फेलोशिप की राशि 20 हजार से बढ़ाकर 31 हजार रुपये हर महीने कर दी गई है। महिलाओं (नौकरी में न हों) की पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप 25 हजार से 38,800 तथा दो साल बाद 30 हजार से बढ़ाकर 46,500 रुपये कर दी गई है।
सामाजिक विज्ञान, मानविकी में शोध के लिए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सिंगल गर्ल्स चाइल्ड स्कॉलरशिप जो अभी पहले साल में 25 हजार, दूसरे साल में 26 हजार तथा तीसरे साल में 27 हजार रुपये है, उसे बढ़ाकर क्रमश: 38,800, 40,300 तथा 41,900 रुपये कर दिया गया है। सामाजिक विज्ञान में शोध के लिए स्वामी विकेकानंद सिंगल गर्ल चाइल्ड स्कॉलरशिप अब पहले दो साल 12,400 तथा अगले दो साल 15,500 रुपये मिलेगी। अभी यह राशि क्रमश: आठ हजार और 10 हजार रुपये है। विज्ञान, मानविकी और सामाजिक विज्ञान के जेआरएफ अभ्यर्थियों की फेलोशिप 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार तथा एसआरएफ की 18 हजार से बढ़ाकर 28 हजार रुपये कर दी गई है।
फारेन नेशनल्स का जेआरएफ 12 हजार से 18,600 तथा एसआरएफ का 21,700 रुपये कर दिया गया है। आरए टू फारेन नेशनल्स की फेलोशिप 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई है। एससी-एसटी अभ्यर्थियों को पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप पहले दो साल में 38,800 तथा इसके बाद 56,500 रुपये प्रति माह मिलेगी। अभी यह राशि क्रमश: 25 हजार तथा 30 हजार रुपये है।
परास्नातक के प्रोफेशनल कोर्स में दाखिला लेने वाले एससी-एसटी विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति तीन हजार से 4700 रुपये कर दी गई है। एमई/एमटेक के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति पांच हजार से 7800 रुपये हो गई है। गेट-जीपीएटी क्वालीफाइड एमई, एमटेक, एम.फार्मा के विद्यार्थियों को 12,400 रुपये स्कॉलरशिप मिलेगी। अभी आठ हजार रुपये प्रति माह मिल रही है। सिंगल गर्ल चाइल्ड के लिए पीजी इंदिरा गांधी तथा यूनिवर्सिटी रैंक होल्डर स्कॉलरशिप भी दो हजार से बढ़ाकर 3100 रुपये कर दी गई है।
नेट/गेट क्वालीफाइड विद्यार्थियों के लिए बीएसआर फेलोशिप पहले दो साल में 16 हजार से 24,800 तथा तीसरे, चौथे और पांच वर्ष के लिए 18 हजार से बढ़ाकर 27,900 रुपये कर दी गई है। जो नेट/गेट नहीं हैं, उनकी फेलोशिप क्रमश: 14 हजार से 21,700 तथा 16 हजार से 24,800 रुपये हो गई है। डॉ. डीएस कोठारी ब्रिडजिंग फेलोशिप पहले तीन साल के लिए 22 हजार से 34,100 रुपये हो गई है।
पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप पहले 43,400, दूसरे साल 45 हजार तथा तीसरे साल 46,500 रुपये हो गई है। पहले यह राशि क्रमश: 28 हजार, 29 हजार और 30 हजार रुपये प्रति माह थी। हायर पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप पहले तीन साल के लिए 30 हजार से बढा़कर 46,500 रुपये कर दी गई है। बीएसआर फैकेल्टी फेलोशिप पहले तीन साल के लिए 30 हजार से बढ़ाकर 46,500 रुपये हो गई है। यूजीसी के सचिव डॉ. जसपाल सिंह संधू की ओर से यह आदेश जारी कर दिया गया है।