बहन की हत्या के मामले में बिजनौर जजी से पैरवी कर लौट रहे युवक की दो युवकों ने चलती बस में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के वक्त बस में करीब 25 यात्री सवार थे। घटना को अंजाम देने के बाद कातिल चलती बस से कूदकर फरार हो गए।
बढ़ापुर के गांव भगवानपुर निवासी वहाजुद्दीन (35) पुत्र अब्दुल अजीज शुक्रवार को बहन गुलिस्ता मर्डर केस की पैरवी करने के लिए बिजनौर जजी आया था। बिजनौर से वह धामपुर डिपो की अनुबंधित बस में घर जाने के लिए सवार हुआ। वहाजुद्दीन बस में अगले गेट के पास परिचालक से अगली वाली सीट पर अकेला बैठा था।
गांव रोशनपुर प्रताप के पास वहाजुद्दीन से दूसरी ओर बस में बैठे दो युवक उठे और उन्होंने परिचालक राजीव सक्सेना की कनपटी पर तमंचा रख दिया। राजीव सक्सेना इससे पहले कुछ समझ पाता, दूसरे युवक ने तमंचा वहाजुद्दीन की कनपटी पर सटाकर फायर कर दिया। गोली लगने से वहाजुद्दीन बस की सीट पर ही अचेत हो गया।
चलती बस में गोली चलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। परिचालक की कनपटी पर तमंचा सटाने वाले युवक ने भी वहाजुद्दीन की कनपटी पर तमंचा सटाकर दूसरी गोली चला दी। दो गोली लगने से वहाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच चालक ने बस की स्पीड थोड़ी कम की तो दोनों कातिल बस से कूदकर फरार हो गए।