मथुरा में एबीसीडी की जगह मासूमों को अश्लीलता का पाठ पढ़ाता मास्टर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया। बच्चों ने शिक्षक की करतूत घरवालों को बताई थी। घरवाले स्कूल पहुंचकर हंगामा करने लगे। इसके बाद आरोपी मास्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शिक्षक खुद भी बीएससी द्वितीय वर्ष में पढ़ाई करता है।
कृष्णानगर चौकी क्षेत्र के सौंख रोड स्थित निजी जूनियर हाईस्कूल में जितेन्द्र गौतम नाम का गणित का शिक्षक है। वह कक्षा में ही अपने मोबाइल में अश्लील फिल्म देखता था और छात्र-छात्राओं को भी दिखाता था। इसकी शिकायत कक्षा चार के बच्चों ने अपने घर पर की। गुरुवार को सुबह 11 बजे परिवारीजन स्कूल पहुंच गए। शिक्षक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंचीं प्रधानाचार्य ने जितेन्द्र गौतम को कमरे में बंद कर दिया। मामले की सूचना पर पुलिस पहुंची और जितेन्द्र को हिरासत में ले लिया। उसका मोबाइल भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। मामले में स्कूल प्रधानाचार्य ने शिक्षक जितेन्द्र गौतम के खिलाफ तहरीर दी है।
तहरीर पर छेड़खानी और पोस्को एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उनकी भी जांच की जा रही है। शिक्षक के पास दो मोबाइल बताए गए हैं। पुलिस ने एक मोबाइल कब्जे में ले लिया है। उसमें कोई अश्लील क्लिपिंग नहीं मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल से क्लिपिंग डिलीट की गई हैं तो उनको रिकवर कराया जाएगा। दूसरा मोबाइल बरामद नहीं हुआ है, उसकी तलाश की जा रही है।