उत्तर भारत खासकर पंजाब-हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में स्वाइन फ्लू तेजी से फैल रहा है। इन राज्यों में अब तक इस बीमारी से 38 लोगों की जान जा चुकी है। जनवरी से अब तक पंजाब में ही 17 मौतें हो चुकी हैं, जबकि 96 का इलाज चल रहा है।
हरियाणा में भी 20 लोग इसकी चपेट में आकर जान गवां चुके हैं जबकि जम्मू-कश्मीर में सोमवार को स्वाइन फ्लू से एक व्यक्ति की मौत के बाद अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में पिछले कुछ दिनों में पंजाब, यूपी और हरियाणा से करीब एक दर्जन मरीज भर्ती हुए हैं।
पंजाब के नोडल अफसर डॉ. दीपक भाटिया का कहना है कि स्वाइन फ्लू से हुई मौतों की समीक्षा की जाएगी। इसकेलिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को एक पत्र भी लिखकर यह जांच कराने का आग्रह किया गया है कि कहीं एच1एन1 वायरस बदल तो नहीं गया है। स्वाइन फ्लू से पीड़ित पंजाब के 78 लोगों और पड़ोसी राज्यों से आए 18 मरीजों का इलाज जारी है। हिमाचल में भी एक मरीज अस्पताल में भर्ती है।
हरियाणा में इस साल 5 फरवरी तक स्वाइन फ्लू से 20 लोगों की मौत हो चुकी है। दिसंबर से अब तक कुल 65 मरीज स्वाइन फ्लू की चपेट में आए। फरीदाबाद में मंगलवार को चार मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो गई है। इनमें उस व्यक्ति की पत्नी भी शामिल है, जिसकी शनिवार को मौत हुई थी। यहां मंगलवार को स्वाइन फ्लू के 19 संदिग्ध मामले सामने आए। स्वास्थ्य निदेशक (मलेरिया) डॉ. कमला सिंह ने दावा किया है कि सभी सरकारी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बना दिए गए हैं।
उधर, श्रीनगर में शेरे कश्मीर मेडिकल इंस्टीट्यूट में स्वाइन फ्लू के पीड़ित मरीजों में से इंस्टीट्यूट के ही एक कर्मचारी सीनियर असिस्टेंट गुलाम हसन की सोमवार को मौत होने के बाद सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
गाजियाबाद में भी मिले दो मरीज
स्वाइन फ्लू ने गाजियाबाद में भी दस्तक दे दी है। न्यू पंचवटी कॉलोनी में रहने वाले टीचर हरिओम शर्मा की पुत्रवधू ऋतु और पत्नी माया की स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन्हें यशोदा अस्पताल से दिल्ली के राम मनोहर लोहिया रेफर कर दिया गया। ऋतु को इलाज के बाद वापस भेज दिया है जबकि माया शर्मा का इलाज अभी जारी है।
--20 लोगों की जान गई है हरियाणा में।
--17 मौतें पंजाब में हुई।
--1 व्यक्ति की जान जम्मू-कश्मीर में गई।