उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग पर छाए संकट के बादल छंटने का नाम नहीं ले रहे हैं। हाल ही में पूर्व अध्यक्ष अनिल यादव की लंबे विवाद के बाद विदाई हुई और अब कार्यवाहक अध्यक्ष सुनील कुमार जैन भी विवादों में घिर गए हैं।
जैन के ऊपर जानलेवा हमले और डकैती जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी अवनीश पांडेय द्वारा आरटीआई में मांगी गई जानकारी से इस बात का खुलासा हुआ है। अवनीश ने आपराधिक रिकार्ड की जानकारी मांगी थी।
आरटीआई के जवाब में जो जानकारियां मिली हैं, वह चौंकाने वाली हैं। आगरा के थाना न्यू आगरा में जैन के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 447/1990 दर्ज है, जिसमें विधि विरुद्ध जमाव, बलवा और हत्या के प्रयास जैसी संगीन धाराएं हैं।
दूसरा मुकदमा 447 ए है, जो डकैती और जान को जोखिम में डालने का भय दिखाने का है। इन मुकदमों की जांच पांच अक्तूबर 1990 को अपराध अनुसंधान विभाग को स्थानांतरित की गई थी।