एक समाचार चैनल से औपचारिक इंटरव्यू के बाद अनौपचारिक बातचीत का वीडियो लीक होने की वजह से अरविंद केजरीवाल बुरे फंस गए हैं। हालांकि, दोनों पक्षों ने अपनी तरफ से सफाई पेश की है, लेकिन कोई खास फायदा नहीं हो रहा।
समाचार चैनल आज तक का कहना है कि यह वीडियो उसकी छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश का हिस्सा है और उसने पत्रकारिता और नैतिकता के मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। केजरीवाल का कहना है कि इस वीडियो में कुछ ऐसा नहीं है, जिस पर ऐतराज हो।
लेकिन भाजपा को हमला बोलने का मौका मिल गया। वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने अपनी फेसबुक वॉल पर 'जब पुण्य मिला पाप से' शीर्षक से एक लेख लिखा है। केजरीवाल की यह निजी बातचीत समाचार चैनल के एसोसिएट एडिटर पुण्य प्रसून वाजपेयी से हुई थी, इसलिए जेटली ने उसे लेकर हमला किया। इसके अलावा सोमवार से #AAPwedsAajTak ट्रेंड कर रहा है, जिसके तहत आज तक और केजरीवाल, दोनों पर तंज कसे जा रहे हैं।
जेटली ने लिखा, जब पाप मिला पुण्य से
लीक हुए इस वीडियो को हथियार बनाकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर हमला किया है। भाजपा नेता अरुण जेटली ने लिखा है कि आम आदमी पार्टी का मीडिया हनीमून अब खत्म होता दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी को मिली जरूरत से ज्यादा मीडिया कवरेज ने आम आदमी पार्टी को भाजपा का टेलीविजन विरोधी बना दिया था, जबकि जमीनी स्तर पर उसकी विरोधी कांग्रेस ही रही।
जेटली ने कहा, "अब एक वीडियो आया है, जिसमें AAP के अध्यक्ष एक प्रमुख चैनल के एंकर के साथ गहन बातचीत करते दिख रहे हैं। दोनों इस बारे में चर्चा कर रहे हैं कि किस हिस्से को तरजीह देनी है और एडिटिंग कैसे की जानी है।"
भाजपा ने बोला करारा हमला
अरुण जेटली ने लिखा, "वे लोग रणनीति बना रहे हैं कि किन हिस्सों को तवज्जो देनी है और जिस हिस्से से मिडल क्लास AAP से छिटक सकता है, उसे काटने की बात कर रहे हैं। हमें कभी किसी एंकर या मीडिया संस्थान ने इस तरह की सुविधाएं नहीं दीं।"
भाजपा नेता ने कहा, "इस तरह के दोस्ताना इंटरव्यू आम आदमी पार्टी की रणनीति का हिस्सा है, ताकि उसकी एक खास तरह की छवि बनाकर उससे फायदा उठाया जा सके।"
उनका कहना है, "इससे साफ पता चलता है कि यह पार्टी और नेता ऐसे दिखना चाहते हैं, जो वो हकीकत में हैं नहीं। वो अपनी ऐसी छवि दिखाते हैं, जो असल नहीं है। जब पुण्य, पाप से मिलता है, तो आप साजिश की उम्मीद नहीं कर सकते।"
AAP की हेल्पलाइन से मिला आइडिया!
अरविंद केजरीवाल के लीक वीडियो ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ तंज की बरसात करवा दी है। ट्विटर पर ट्रेंड कर रहे #AAPwedsAajTak के तहत कई लोग आम आदमी पार्टी पर हमला कर रहे हैं। आइए पढ़े कुछ मजेदार ट्वीट्सः
मितुल डधानिया @mitul807 ने लिखा है, "ऑन रिकॉर्ड केजरीवाल कहते हैं कि वो मिडल क्लास के लिए जान दे सकते हैं और ऑफ रिकॉर्ड कहते हैं कि मिडल क्लास वोट बैंक है।" AAP पर तंज कसे जा रहे हैं और उसमें स्टिंग की बात भी हो रही है, जो केजरीवाल का आइडिया था।
अनिरुद्ध रंजन @AnirudhRanjan ने लिखा है, "जिस कैमरामैन ने इस पूरे मामले से परदा हटाया, उसने दरअसल, स्टिंग करने के लिए आम आदमी पार्टी की हेल्पलाइन से मदद ली थी।"
केजरी का धरना, आज तक के खिलाफ!
कई लोग इस बात से भी खफा हैं कि इस वीडियो में आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल भगत सिंह का नाम इस्तेमाल कर रहे हैं। राज शर्मा @BeingHumanSraj ने लिखा है, "इस वीडियो का सबसे दुखदायी हिस्सा यह है कि अरविंद केजरीवाल वोट बैंक के लिए भगत सिंह का नाम बेचने की कोशिश कर रहे हैं।"
इस लीक वीडियो को लेकर आज तक और उसके न्यूज एंकर पुण्य प्रसून वाजपेयी पर भी निशाना साधा जा रहा है। आदित्य सैनी @addyshi2 ने लिखा है, "जब राडिया टेप सामने आए थे, तो प्रभु चावला को इंडिया टुडे समूह से बाहर कर दिया गया था। अब वो पुण्य प्रसून वाजपेयी को क्यों बचा रहा है?"
धरना-प्रदर्शन करने वाली आम आदमी पार्टी को अब इसे ही हथियार बनाकर हमला किया जा रहा है। नीरव वखारिया @niravresearch ने कहा, "हनीमून खत्म हो चुका है, क्योंकि अब अरविंद केजरीवाल वीडियो एक्सपोज की वजह से आज तक के खिलाफ धरना करने जा रहे हैं।" इसी तरह सचिन दत्ता @duttasachin ने लिखा है, "पत्रकारों का चुनाव लड़ना गलत नहीं, लेकिन उन्हें सीटों के लिए अपने चैनल और कवरेज नहीं बेचनी चाहिए।"
आज तक का चैनल AAP के लिए!
इस लीक वीडियो से आज तक को भी कम नुकसान नहीं हुआ है। आर पुरतचिमानी @RPuratchimani लिखते हैं, "इंडिया टुडे ग्रुप ने आज तक का स्पिनऑफ लॉन्च किया है, जिसका नाम है आप तक। यह खास तौर से आम आदमी पार्टी की कवरेज दिखाएगा।"
भरतेश भारत ने लिखा है, "मेरे दिमाग से अब तक वो लाइन बाहर नहीं निकल रही, जिसमें कहा गया था कि भगत सिंह वाला ज्यादा चलाना!!" यह केजरीवाल पर तंज था, जो लीक वीडियो में यह कहते हुए दिख रहे हैं।
राहुल शर्मा @rahulkumar5060 ने लिखा है, "आम आदमी पार्टी के अब वो ही समर्थक बचे है, जो घर वालों के जूते खाने के बाद भी नहीं सुधरते।"
क्या आपने देखा है लीक हुआ वीडियो?
एक मिनट से कुछ ज्यादा लंबे इस वीडियो को यूट्यूब पर करीब दस लाख देख चुके हैं। इसके अलावा फेसबुक और ट्विटर जैसी सोशल नेटवर्किंग साइट पर यह वायरल हो चुका है।
सके अलावा वॉट्सऐप पर भी यह खूब बांटा जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस को भी इस बहाने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलने का मौका मिल गया है। आइए देखें कि इस वीडियो में आखिर है क्याः