चीन पर अक्साई चीन अवैध तरीके से हड़पने का आरोप लगाते हुए भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि पड़ोसी देश द्वारा बार-बार घुसपैठ की घटना दोनों देशों के सौहार्दपूर्ण संबंधों के लिए शुभ संकेत नहीं है।
लेह में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चीन ने अवैध तरीके से अक्साई चिन पर कब्जा जमा लिया है। हम पड़ोसी देश के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध चाहते हैं लेकिन बार-बार चीन घुसपैठ कर इस ओर शुभ संकेत नहीं दे रहा।
राजनाथ ने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंच सकते हैं यदि सीमा विवाद जैसे जटिल मुद्दों को सुलझाया जाए और सकारात्मक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने चीन को अक्साई चिन का क्षेत्र उपहार में दे दिया और नेशनल कांफ्रेंस नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने कभी इसकी चिंता नहीं की। यही नहीं केंद्र की पिछली सरकार के लिए भी लद्दाख ठंडे रेगिस्तान से ज्यादा कुछ नहीं था। आजादी के वक्त जम्मू-कश्मीर में चीन के साथ भारत की सीमा नहीं लगी थी लेकिन कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के कारण चीन यहां तक पहुंच गया। दोनों देशों के बीच में तिब्बत मध्यवर्ती राज्य बन कर रह गया।