राजस्थान के अजमेर जिले में विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला शुक्रवार से शुरू होगा। सप्ताहभर चलनेवाले इस मेले में पर्यटकों को कई धार्मिक, सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम देखने को मिलेंगे।
साथ ही विदेशी सैलानियों के लिए कई तरह की मनोरंजक व आकर्षक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। पर्यटक यहां सबसे बड़ा पशु मेला भी देख सकेंगे, जिसमें ऊंट सहित कई पशुओं की बड़े पैमाने पर खरीद-फरोख्त होती है।
मेले का आयोजन राजस्थान पर्यटन विभाग और पुष्कर मेला विकास समिति द्वारा किया जाएगा। मेले में स्थानीय ग्रामीण खेल, ऊंट सज्जा शो और घोडा नृत्य, कला-शिल्प बाजार, महा आरती और दीपदान मुख्य आकर्षण होंगे।
हर शाम को लोक प्रस्तुतियां होंगी। इस मेले में हर वर्ष हजारों देश-विदेशी सैलानी आते हैं।