नई दिल्ली। असहिष्णुता पर जारी बहस में अभिनेता आमिर खान भी कूद पड़े हैं। इस मुद्दे पर पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ते हुए आमिर ने कहा कि उन्हें कई मौके पर चेताया जा चुका है। उनकी पत्नी किरण राव तो इस कदर डर गई थीं कि उन्होंने उन्हें देश छोड़ने तक की सलाह दे दी थी।
अभिनेता ने पुरस्कार लौटाने वालों का भी यह कहकर समर्थन किया है कि रचनात्मक लोगों द्वारा अपने असंतोष को जाहिर करने का एक तरीका यह भी है। आमिर ने सोमवार को रामनाथ गोयनका पत्रकारिता पुरस्कार समारोह के दौरान कहा कि वह भी असुरक्षा और भय महसूस करते हैं तथा पिछले छह से आठ महीनों में यह बढ़ता जा रहा है।
आमिर के अनुसार, ‘जब मैंने घर पर किरण से बात की तो उसने पूछा कि क्या हमें भारत छोड़ देना चाहिए। वह अपने बच्चे के लिए डर महसूस करती है। वह इस बात से डरती है कि हमारे चारों तरफ किस तरह का माहौल बनेगा। वह हर दिन अखबार खोलने से डरती है।’ उन्होंने इस माहौल को अशांति और निराशा का संकेत करार दिया।