भारत और श्रीलंका ने प्रगाढ़ होते संबंधों को प्रदर्शित करते हुए मंगलवार को मछुआरों के मामले, तमिलों को न्याय और रक्षा तथा कारोबार के क्षेत्र में द्विपक्षीय रिश्ते को और अधिक मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की। इसके अलावा आतंकवाद से लड़ने और समुद्री सुरक्षा के मसले पर भी दोनों देशों के बीच सहयोग सुनिश्चित हुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने प्रतिनिधि स्तर की बातचीत की समाप्ति के बाद कहा कि दोनों देश आपसी संबंधों को नए स्तर पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हेल्थकेयर और अंतरिक्ष विज्ञान में सहयोग को लेकर दोनों पक्षों ने चार समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
चौथी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली विदेश यात्रा के तौर पर भारत को चुनने के लिए विक्रमसिंघे को धन्यवाद देते हुए मोदी ने उम्मीद जताई कि श्रीलंका में वास्तविक सुलह और विकास होगा ताकि तमिल समुदाय सहित सभी लोग ‘बराबरी का जीवन जीने के साथ-साथ न्याय, शांति और प्रतिष्ठा से जी सकें।’ उन्होंने कहा कि श्रीलंका की तरक्की दोनों देशों और दक्षिण एशिया के साथ-साथ समुद्री क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है।