भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने शनिवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर जोरदार हमला बोला।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर दावा करते हैं कि भारत एक राष्ट्र के तौर पर सिर ऊंचा करके खड़ा है। लेकिन स्थिति इसके उलट है। एक कमजोर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश बौना बन गया है।
शनिवार को पटना में प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए जेटली ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में भारत की अहमियत अंतरराष्ट्रीय मंच पर घटी है।
पाकिस्तान के सैनिक भारतीय सैनिक का सिर काट लेते हैं। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान हमारे जवानों पर हमला कराता है और फिर पाकिस्तान की संसद अफजल गुरू पर प्रस्ताव पारित करती है।
और तो और हिंद महासागर में स्थित मालदीव जैसा छोटा देश भारत की बात की अनदेखी करता है। उन्होंने कहा कि यह एक अजीब स्थिति है। यूपीए सरकार बिलकुल बेबस, लाचार और मजबूर दिख रही है।
पाक के इतना कुछ करने के बाद भी हमारे पीएम पड़ोसी मुल्क के साथ संबंध सामान्य करने की बात करते हैं। राज्यसभा में विपक्ष के नेता जेटली ने कहा कि ओत्तावियो क्वात्रोची देश से भाग गया।
इटली के नौसैनिकों के मामले में गलत हलफनामा दिया गया। इसलिए अब यह फैसला लोगों को करना है कि यूपीए सरकार ने देश का सिर ऊंचा किया है या देश को बौना बना दिया है।
जेटली ने कहा कि सरकार के फैसले नहीं ले पाने की वजह से देश में सात लाख करोड़ रुपये का विदेशी निवेश नहीं आ रहा है।
यूपीए सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर है। इस सरकार के कार्यकाल में टूजी स्पेक्ट्रम, कॉमनवेल्थ गेम्स, कोयला, हेलीकाप्टर घोटाला और कई अन्य घोटाले उजागर हुए हैं।
उन्होंने कहा कि बसपा और सपा दोनों भरोसे के लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि राजग को अपनी ताकत से आगे बढ़ना होगा।