नित नए खुलासों से देश के राजनेताओं से लेकर औद्योगिक घरानों की नाक में दम कर चुके अरविंद केजरीवाल ने खुद को डेंगू का खतरनाक मच्छर करार देते हुए कहा है कि वह भाजपा और कांग्रेस को काटेंगे।
विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने हाल ही में कहा था कि केजरीवाल के हमले एक मच्छर के हमले से ज्यादा नहीं है, जो सिर्फ थोड़ी देर के लिए खुजली पैदा करता है।
इसी टिप्पणी का जवाब देते हुए इंडिया अंगेस्ट करप्शन (आईएसी) के नेता अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘मैं एक साधारण मच्छर नहीं हूं। मैं डेंगू का मच्छर हूं। मैं भाजपा और कांग्रेस दोनों को काटूंगा, जिससे वे परेशानी में पड़ जाएंगे।’ यह सामाजिक कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर आए दिन कांग्रेस अध्यक्षता वाली यूपीए सरकार और विपक्ष भाजपा पर तीखे हमले करने में लगा हुआ है।
एक दिन पहले ही उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया था कि कांग्रेस के एक सीनियर नेता ने उन्हें ऐसे लोगों की सूची दी है, जिनके बैंक खाते एचएसबीसी बैंक की जिनेवा शाखा में हैं और यह काला धन हवाला के जरिए वहां भेजा गया है।
उन्होंने आरोप लगाए थे कि काला धन रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय केंद्र सरकार उन्हें बचाने में लगी हुई है। उन्होंने मुकेश अंबानी समेत कई बड़े औद्योगिक घरानों पर काला धन विदेशी खातों में जमा कराने के आरोप लगाए हैं।