कवाल कांड की बरसी के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि शुक्रवार शाम को मुजफ्फरनगर की जाट कॉलोनी में छेड़छाड़ का आरोप लगाकर एक समुदाय के चार युवकों की पिटाई कर उनकी बाइक, स्कूटी में तोड़फोड़ कर दी। चारों युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पिटाई में एक युवक की मौत की अफवाह पर युवकों के समुदाय की भीड़ ने मीनाक्षी चौक पर जाम लगा दिया। थाना सिविल लाइन में तोड़फोड़ की। बाजार बंद हो गए।
विज्ञापन
घायल की ओर से जाट कालोनी के सभासद वीरेंद्र सिंह मुन्ना उसके बेटे शिवम समेत तीन नामजद समेत 150 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। उधर, रुड़की रोड पर एक युवक को उसका नाम पूछकर बिना वजह गोली मार दी। इस युवक को गंभीरावस्था में मेरठ रेफर किया गया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण शहर के हालात तनावपूर्ण हो गए। देर रात केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव बालियान जाट कॉलोनी पहुंचे।
शहर की जाट कॉलोनी में शुक्रवार शाम बुलेट और एक्टिवा पर चार युवक खड़े थे। कुछ लोगों ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने पास में स्थित कोचिंग सेंटर में आने की बात कही, लेकिन शिक्षक ने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया। इससे गुस्साए लोगों ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए चारों की पिटाई कर दी। उनकी बाइक में तोड़फोड़ भी कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंचा दिया। मामले की जानकारी मिलते ही थाने में युवकों के समुदाय के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और जमकर हंगामा किया। इसी दौरान एक युवक की मौत की अफवाह से लोग भड़क गए। युवकों के समुदाय की भीड़ ने मीनाक्षी चौक पर जाम लगा दिया। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
विज्ञापन
सिविल लाइंस थाने में तोड़फोड़
जाट कॉलोनी में एक समुदाय के युवकों की पिटाई के बाद देर रात उत्तेजित भीड़ ने सिविल लाइंस थाने में तोड़फोड़ कर दी। अफसरों ने उग्र भीड़ को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत किया।
जाट कॉलोनी में मारपीट की घटना के बाद चारों युवकों को सिविल लाइंस थाने में ले जाए जाने के बाद वहां एक समुदाय के लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। देर रात भीड़ ने मारपीट के आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी करने की मांग की। एसपी सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन दे दिया, लेकिन फिर चारों युवकों को छोड़ने को लेकर भीड़ आक्रोशित हो उठी। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने थाने में एसओ ऑफिस के दरवाजे का शीशा तोड़ दिया। यह देख पुलिस ने सख्त तेवर दिखाते हुए लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद किसी तरह समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया गया।
छेड़छाड़ के बाद की गई मारपीट: डीआईजी जाट कॉलोनी में समुदाय विशेष के युवकों से मारपीट के बाद तनावपूर्ण हालात के चलते देर रात डीआईजी एन रविंद्रन और कमिश्नर तनवीर अली जफर शहर में पहुंचे। यहां उन्होंने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। डीआईजी ने बताया कि छेड़छाड़ को लेकर हुए विवाद में युवकों के साथ मारपीट की गई है। मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लड़की पक्ष से तहरीर आने पर उनकी भी बात सुनी जाएगी। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मेरठ समेत आसपास के जनपदों से बुलाई गई फोर्स शहर में छेड़छाड़ को लेकर की गई चार युवकों की पिटाई के बाद बिगडे़ हालात के मद्देनजर जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। मेरठ समेत आसपास के जनपदों से भी अतिरिक्त फोर्स को जिला मुख्यालय पर बुला लिया गया है।
जाट कॉलोनी में समुदाय विशेष के युवकों से मारपीट मामले के तूल पकड़ने के बाद शहर में अघोषित कर्फ्यू से हालात हो गए हैं। बेहद तनावपूर्ण स्थिति के चलते मेरठ समेत आसपास के जनपदों से फोर्स को जिला मुख्यालय पर बुला लिया गया है। डीएम कौशलराज शर्मा और एसएसपी एचएन सिंह के जिले में नहीं होने के चलते कानून व्यवस्था की कमान खुद मंडलायुक्त और डीआईजी ने अपने हाथ में संभाल ली है।
देर रात शहर में पहुंचे मंडलायुक्त तनवीर जफर अली और डीआईजी एन रविंद्रन ने जिला मुख्यालय पर ही डेरा डाल दिया है। शहर के खालापार, मीनाक्षी चौक, लद्दावाला, कच्ची सड़क, गाजावाली पुलिया, सरवट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर आरएएफ, पीएसी और पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।
नाम पूछा और मार दी गोली
जाट कॉलोनी की घटना के बाद रुड़की रोड स्थित बामनहेड़ी के पुल पर बाइक सवार युवक को तीन युवकों ने नाम पूछकर बिना वजह गोली मार दी। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाननगर निवासी बाबूराम (45) ने अस्पताल में पुलिस को बताया कि वह देर रात बाइक पर शहर से गांव लौट रहा था। रात करीब 10 बजे जब वह बामनहेड़ी पुल पर पहुंचा। पीछे से एक बाइक पर आए तीन युवकों ने ओवरटेक कर उसकी बाइक रुकवा ली।
उससे उसका नाम पूछा और बिना वजह ही गोली मार दी। उसके अनुसार गोली मारने वाले दूसरे समुदाय के युवक थे। आशंका है कि उक्त घटना की प्रतिक्रिया में ही गोली मारी गई है। पेट में गोली लगने से बाबूराम लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाबूराम को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया।
24 घंटे भी नहीं बीते शांति से कवाल कांड की बरसी पर उपजे तनाव के बाद कार्यक्रम शांति पूर्वक निपट जाने से प्रशासन ने राहत की सांस ली थी। 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि शहर में एक बार फिर तनाव बन गया। शुक्रवार की घटना से अधिकारी भी सकते में थे।
बीते पंद्रह दिनों से जिले में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए मलिकपुरा गांव में बरसी का कार्यक्रम सिरदर्द बना था। अधिकारियों ने अपनी रणनीति से मामले को निपटाया। बरसी का कार्यक्रम शांति से निपट जाने पर अधिकारी शुक्रवार को सुकून में दिखाई दिए। सुकून के 24 घंटे पूरे हो भी नहीं पाए थे कि जाट कॉलोनी में युवकों के साथ मारपीट की घटना हो गई। घटना से शहर में ऐसी अफवाहें फैली की स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया। मीनाक्षी चौक पर हजारों लोगों की एकत्र भीड़ के कारण शहर के अन्य इलाकों में अफवाहें फैल गई। हालाकि अधिकारियों की सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रण में किया गया।
लखनऊ में डीएम-एसएसपी शुक्रवार को डीएम कौशलराज शर्मा और एसएसपी एचएन सिंह लखनऊ में बैठक में भाग लेने गए थे। जब शहर का माहौल खराब हुआ तो कमान एडीएम प्रशासन डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और एसपी सिटी श्रवण कुमार को संभालनी पडी।
कवाल की पुनरावृत्ति नहीं होने देंगे: संजीव बालियान
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि छेड़छाड़ को लेकर पुलिस-प्रशासन को सख्त रुख अपनाना चाहिए। कवाल कांड में आरोपियों को थाने से छोड़ने की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
जाट कॉलोनी में छेड़छाड़ के आरोप में खालापार के चार युवकों से मारपीट मामले में देर रात केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान सभासद विरेंद्र मुन्ना के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए अब तक की पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कवाल कांड की तरह यदि आरोपियों को थाने से छोड़ा गया तो पुलिस-प्रशासन से जवाब तलब किया जाएगा। छेड़छाड़ गंभीर चिंता का विषय बन गया है, जिसकी रोकथाम के लिए शासन को ठोक कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन को भी इस तरह की घटनाओं में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, तभी इन पर रोक लग पाएगी। पिटाई का शिकार हुए अजीम की तरफ से मुन्ना सभासद समेत अन्य लोगों पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट पर बालियान ने कहा कि पीड़ित पक्ष की तरफ से भी तहरीर देने की तैयारी की जा रही है। इनकी तरफ से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी, जिसके बाद पुलिस अपनी जांच में निष्पक्ष कार्रवाई करेगी। भाजपा नेता उमेश मलिक भी मौजूद रहे।