उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद के गांव नगला दुली में भैंस चोरी के आरोपियों की तलाश में आई पुलिस ने दलित बस्ती के कई घरों दबिश दी। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं से अभद्रता और पुरुषों की पिटाई कर दी। एक घर में आरोपी युवक के नहीं मिलने पर उसकी बहन से अभद्रता की गई। इससे क्षुब्ध इस दलित छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
छात्रा की मौत के बाद आक्रोशित परिवारीजनों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया और जमकर हंगामा काटा। बाद में पुलिस जबरन शव को उठा ले गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रधान के नेतृत्व में सिरसागंज विधायक हरिओम यादव व पुलिस अधीक्षक से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगला खंगर थाना क्षेत्र के गांव नगला दुली में छात्रा जूली (18) पुत्री रामखिलाड़ी जाटव ने शुक्रवार शाम को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवारीजनों ने बताया कि राजस्थान के धौलपुर जिले के थाना राजाखेड़ा की पुलिस चार दिन पूर्व गांव के युवक अभिषेक को भैंस चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर के ले गई थी।