उत्तर प्रदेश में गठबंधन के लिए कांग्रेस की ओर से राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने बसपा प्रमुख मायावती से संपर्क साधा है। हालांकि बसपा ने गठबंधन को लेकर अभी तक कोई सकारात्मक संदेश नहीं दिया है। पार्टी एकला चलो की नीति पर कायम है।
कांग्रेस यूपी के चुनावी महासमर में किसी दमदार साथी के साथ उतरना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक इसी क्रम में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आजाद को बसपा से बातचीत के लिए अधिकृत किया है। उन्होंने मायावती से लंबी बातचीत की है।
बातचीत का दूसरा दौर इस माह के अंत में दिल्ली में हो सकता है। इस बीच बसपा और ओवैसी की पार्टी के बीच गठजोड़ की चर्चाएं भी तेज हैं लेकिन बसपा के सूत्र इस संभावना को भी खारिज कर रहे हैं। अभी पार्टी अकेले चुनाव लड़ने की रणनीति पर ही आगे बढ़ रही है।