मेरठ शहर के एक हॉस्पिटल में नाक का ऑपरेशन कराने आई बीएससी की छात्रा आंख की रोशनी गंवा बैठी। छात्रा की आंख की रोशनी चले जाने पर परिवार सदमे में है। सोमवार को छात्रा के भाई ने नौचंदी थाने में दो चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
बागपत के बसौद गांव निवासी किसान मौसम अली का परिवार शास्त्रीनगर सेक्टर 11 में रहता है। जबकि बेटी शबनम बागपत के सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। छात्रा को नाक की समस्या के चलते डॉक्टरों ने ऑपरेशन बताया था। जिसके बाद परिजनों ने उसे गढ़ रोड स्थित सरस्वती हॉस्प्टिल में पांच अक्तूबर को भर्ती करा दिया।
आरोप है कि नाक के आपरेशन के दौरान छात्रा की दायीं आंख की रोशनी चली गई। परिजनों ने डॉक्टर से शिकायत की तो उन्हें यह कहकर टरका दिया कि आंख की नसों में सूजन है, सब ठीक हो जाएगा। एक सप्ताह तक आंख से दिखाई नहीं देने पर परिजन छात्रा को एम्स दिल्ली में ले गए।