समाजवादी पार्टी में जो कुछ चल रहा है, उससे पार्टी के मुस्लिम चेहरा माने जाने वाले आजम खां खुश नहीं है। उनका कहना है कि वो नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का बहुत सम्मान करते हैं। इसी वजह से चुप हैं, नहीं तो वो भी बोल सकते हैं।
अगर वो बोले तो सुना नहीं जाएगा। नगर विकास मंत्री आजम खां ने सोमवार को पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि कब किसको क्या खतरा है? ये तो वक्त ही बताएगा, लेकिन जो संभावनाएं बताई जा रही हैं, उसमें कुछ चीजें मुझ पर छोड़ दें।
मीडिया तय न करे मेरा भविष्य। मुझे क्या करना है, क्या नहीं करना है, ये मुझे तय करने दें। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की ओर से आजम खां के साथ खड़े होने संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि देखिये नेताजी का मैं बहुत सम्मान करता हूं। ये नेताजी का ही सम्मान है, तभी तो हम ये सब कुछ सहन कर रहे हैं। वरना तो हम भी मुंह में जुबां रखते हैं। हमें कहना पड़ा तो सुना नहीं जाएगा।