क्या अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य शुरू होने जा रहा है? इसको लेकर बड़ा खुलासा भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने किया है। स्वामी ने मंदिर निर्माण के समय का ऐलान किया है। भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा है कि अयोध्या में इस साल राम मंदिर का निर्माण शुरू हो जाएगा।
इसके लिए नौ तारीख को एक कॉन्फ्रेंस के दौरान कार्य योजना का खुलासा किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर का निर्माण किसी आंदोलन से नहीं बल्कि अदालत के फैसले और हिंदू तथा मुस्लिम समुदाय की आपसी सहमति से होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल अगस्त-सितंबर तक अदालत का फैसला आ जाएगा।
स्वामी ने विश्व हिंदू परिषद के कार्यालय में बातचीत के दौरान कहा कि वह अगले दो से तीन महीनों में मंदिर का काम शुरू होने की उम्मीद कर रहे हैं। इस साल के अंत से पहले निश्चित तौर पर निर्माण शुरू हो जाएगा।
जब उनसे पूछा गया कि क्या यह निर्णय उत्तर प्रदेश में 2017 के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव से जुड़ा है तो उन्होंने कहा कि राम को चुनावों से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। राम हिंदुओं की आस्था से संबंधित हैं और अयोध्या में मंदिर का निर्माण हर हिंदू का वादा है।