संघ परिवार से जुड़े संगठनों के धर्मांतरण के मसले पर आए विवादास्पद बयानों के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि ऐसी घटनाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार विकास के अपने एजेंडे से नहीं भटकेगी।
पत्रकारों से बातचीत में शाह ने कहा कि भाजपा ने धर्मांतरण के मसले पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। कोई भी भाजपा सरकार को उसके विकास के एजेंडे से दूर नहीं कर सकता।
संघ से जुड़े संगठनों की बयानबाजी का मोदी सरकार के विकास के एजेंडे पर पड़ने वाले असर के बारे में पूछे गए सवाल पर शाह ने यह बात कही।
धर्मांतरण के मामलों में संघ परिवार की भागीदारी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने सीधा जवाब देने के बजाय कहा कि आरएसएस एक राष्ट्रीय संगठन है और उन्हें उसकी गतिविधियों पर कोई संदेह नहीं है।