देश की प्रमुख राष्ट्रीय पार्टिंयों भाजपा और कांग्रेस को करारी मात देते हुए केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने इतिहास रच दिया। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में 67 सीटें यानी करीब 96 फीसदी सीटें हासिल कर केजरीवाल की 'आप' दिल्ली में सबसे बड़ी जीत हासिल करने वाली पहली बड़ी पार्टी बन गई है।
हालांकि आम आदमी पार्टी पारंपरिक राजनीति की जगह देश में नए तरह की राजनीति की शुरुआत करने वाली पहली पार्टी कही जा रही है। वहीं आप की इस ऐतिहासिक जीत से पहले देश के इतिहास में चार और पार्टियों को ऐसी ही जीत मिल चुकी है जिसमें एक पार्टी को तो विधानसभा की 100 फीसदी तक सीटें हासिल करने का गौरव प्राप्त है।