देश की सीमा की रक्षा में लगे 20 सैनिक 1996 से 2010 के दौरान लापता हुए हैं। इसका खुलासा हुआ है सूचना के अधिकार (आरटीआई) से मिली जानकारी में।
विदेश मंत्रालय से मिले आरटीआई के जवाब के मुताबिक जम्मू एवं कश्मीर सीमा से 18 जबकि गुजरात सीमा से दो सैनिक लापता हुए। आरटीआई में इन सैनिकों के लापता होने के कारण और मौजूदा स्थिति के बारे में कोई जवाब नहीं दिया गया है।
जबाब के मुताबिक 12 अगस्त 1996 को जम्मू एवं कश्मीर के पूंछ जिले की कृष्णा घाटी से गोरखा राइफल्स के हवलदार भूपेंद्र बहादुर थापा, नेत्र बहादुर थापा और लांस नायक राजू गुरंग लापता हुए। वहीं 16 अगस्त 1996 को जम्मू एवं कश्मीर की अखूनर सेक्टर से 11 इंजीनियर रेजीमेंट के कैप्टन अविनाश कुमार शर्मा का कोई पता नहीं है।
27 अप्रैल 1997 को गुजरात के रण ऑफ कच्च से लापता गोरखा राइफल्स के कैप्टन संजीव भट्टाचार्जी और लांस नायक राम बहादुर थापा का सेना के पास कोई सुराग नहीं है।