90 के दशक में सबसे हॉट नायिकाओं में शुमार ममता कुलकर्णी इन दिनों हैं कहां। आज से 41 बरस की हुईं ममता कुलकर्णी ने जिन नायकों के साथ ज्यादातर फिल्में कीं वह नायक आज भी इंडस्ट्री की धुरी बने हुए हैं, पर ममता कुलकर्णी पिछले कई सालों से चर्चा से गायब हैं।
ममता कुलकर्णी लंबे समय से पर्दे से गायब हैं। वह आखिरी बार 2001 में रिलीज हुई फिल्म 'छुपा रुस्तम' में नजर आयी थीं। ममता तब तीस बरस की थीं और संजय कपूर के साथ बनी उनकीजोड़ी को पसंद किया गया था।
यह फिल्म बहुत तो नहीं चली थी लेकिन अपने गानों की वजह से यह चर्चा में जरूर रही। इस फिल्म के बाद ममता कुलकर्णी फिल्मों से गायब हो गयीं। कई नायिकाएं फिल्मों से गायब होने के बाद भी फिल्मी समारोह में जब-तब दिखती रहती हैं। ममता के साथ ऐसा नहीं हुआ।
ममता कुलकर्णी फिल्मों के साथ फिल्मी चर्चाओं से भी गायब हो गयीं। कभी यह अफवाहें फैलतीं कि वह मुंबई में हैं तो कभी कहां जाता कि वह दुबई में हैं। मुंबई में उनके पडोसियों को भी ठीक-ठीक नहीं पता कि वह हैं कहां।
ममता कुलकर्णी ने यूएसए में रहने वाले एक एनआरआई से शादी जरूर की लेकिन यह शादी लंबे समय तक नहीं चल पायी। इस शादी के टूटने के बाद वह अपने ब्वॉयफ्रेंड विक्की गोस्वामी के साथ दुबई शिफ्ट हो गयीं।
फिल्म इंडस्ट्री में इस बात की चर्चा रही है कि ममता कुलकर्णी मानसिक रूप से भी परेशान हैं। बीच में ऐसी खबरें भी आयीं थीं कि वह किसी मनोचिकत्सक की सेवाएं भी ले रही हैं।
ममता कुलकर्णी पिछले साल फेसबुक पर अचानक प्रकट हो गयीं। सितंबर 2012 में जब वह फेसबुक पर दिखीं तो उन्होंने अपनी लोकेशन मुंबई बतायी। इसके अलावा उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी।
एक न्यूड फोटो शूट के बाद लंबे समय तक चर्चाओं में रहीं ममता कुलकर्णी को उनके 41वें जन्मदिन पर इंडस्ट्री शायद ही याद कर रही हो। वह हीरो भी नहीं जिनके साथ उन्होंने पेड़ के इर्द-गिर्द घूमकर साथ जीने और मरने के गाने गाए थे।