बॉलीवुड अदाकारा अनुष्का शर्मा की हाल में रिलीज़ हुई फिल्म 'एन एच10' को दर्शकों और आलोचकों ने काफी सराहा।
'एन एच10 को लेकर कई तरह की आपत्ति भी जताई गई,खासतौर पर सेंसर बोर्ड की तरफ से। अनुष्का शर्मा का किरदार इस फिल्म में काफी अलग हट के था, वे इसमें धूम्रपान करती हुई भी दिखीं।
ऐसे में उनसे पूछा गया कि इस तरह का सीन परदे पर दिखाना कितना सही है? जवाब में वो कहती हैं, ''मैं सिगरेट का प्रचार नहीं कर रही हूँ। मेरा किरदार एक ऐसी लड़की का था, जो धूम्रपान करती है।
वहीं जो लड़कियां मेरी प्रशंसक हैं, उन्हें मेरी असल जिंदगी से प्रेरणा लेनी चाहिए, बजाय परदे पर निभाए किसी किरदार से। बुरी आदतों को अपनाने का निर्णय खुद का होता है, उसका दोष किसी कलाकार पर मढना सही नहीं है।''
इसके अलावा अनुष्का ने इस बात पर भी कोफ्त जताई कि लोग दूसरों जैसा बनने की ख्वाहिश क्यों करते हैं, अपने व्यक्तित्व का विकास क्यों नहीं करते?
फिल्म 'एन एच10' में दिखाई गई हिंसा के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ''फिल्मों में हिंसा दिखाई जाती है। लेकिन मेरा मानना तो यह है कि असल ज़िन्दगी में इतनी ही हिंसा होती हैं, जिसे फ़िल्मों में दिखाने के लिए हम मजबूर हो जाते हैं।'' और आखिर में अनुष्का ने दर्शकों से अनुरोध किया कि फिल्म को फिल्म की तरह ही देखें।