हाईवे पर जानसठ बाईपास के निकट बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान में गुरुवार देर रात चौकीदार और उसके भाई की हत्या कर दी गई। एक भाई की लाश दुकान के अहाते में और दूसरे की छत पर मिली। सोते समय भारी वस्तु से सिर और चेहरे पर प्रहार कर उनकी हत्या की गई।
सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव नंगला मंदौड़ निवासी राजसिंह (52) पुत्र फूलसिंह प्रजापति हाईवे स्थित बालियान बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान पर चार माह से चौकीदार था। राजसिंह के साथ उसका भाई सतबीर (57) भी दुकान पर मजदूरी करता था। गुरुवार रात दोनों भाई दुकान पर ही सोए थे।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे शॉप के पार्टनर जाट कॉलोनी निवासी धीरसिंह पहुंचे, तो मेन गेट बंद मिला। उन्होंने गेट के ऊपर से झांककर देखा तो सामने चारपाई पर सतबीर लेटा दिखाई दिया। धीरसिंह के मुताबिक उन्होंने उसे कई आवाज लगाई, लेकिन प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद चौकीदार के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन लगातार घंटी पर फोन नहीं उठा।
इसपर धीरसिंह ने दीवार फांदकर अंदर चारपाई पर लगी मच्छरदानी हटाई, तो सतबीर की लहूलुहान लाश पड़ी मिली। धीरसिंह ने राजसिंह की तलाश की, तो दुकान की छत पर बिछी चारपाई पर उसकी भी रक्तरंजित लाश मिली। धीरसिंह ने तत्काल अपने पार्टनर सुबोध बालियान और रविंद्र को घटना की सूचना दी।
नई मंडी कोतवाली पुलिस के साथ ही एसएसपी एचएन सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों लाशों को मोर्चरी भिजवाया। निरीक्षण में दुकान के पीछे की दीवार पर तीन लोगों के ऊपर चढ़ने के फुटप्रिंट पाए, जिन्हें सुरक्षित कर लिया गया। इसके अलावा किसी तरह का सुबूत अथवा आला-ए-कत्ल मौके से नहीं मिला। डॉग स्क्वॉयड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने भी मुआयना किया।
एसएसपी का कहना है कि दोनों भाइयों को सोते समय भारी वस्तु का प्रहार करके मारा गया है। मौका-ए-वारदात से किसी तरह के सुबूत नहीं मिले हैं। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।