मेरठ में बकरी भगाने को लेकर शुरु हुआ विवाद खूनी रुप ले गया। जिसके चलते एक व्यापारी की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। बाद में गुस्साई भीड़ ने आरोपियों के घर और दुकान में तोड़फोड़ कर आग लगा दी।
मोहल्ला मकबरा डिग्गी में यासीन बिजली वाली गली निवासी साजिद (38) की नगर निगम मार्केट में फ्रिज रिपयेरिंग की दुकान है। साजिद के घर के बाहर दोपहर में उसी गली की नग्गो पत्नी साबू की बकरियां बैठी थीं। साजिद के पिता नवाब ने बकरियों को भगा दिया। इस पर शाम करीब साढ़े सात बजे नग्गो के बेटों ने साजिद के घर पहुंचकर गाली-गलौज कर दी।
साजिद ने विरोध किया तो उसे घेरकर लोहे की रॉड और टिफिन से सिर पर वार कर दिए। जिससे साजिद की मौत हो गई। इसके बाद साजिद पक्ष के लोगों में गुस्सा भड़क गया। उन्होंने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इस पर एसएसपी, एसपी सिटी, एडीएम सिटी, कई थानों की पुलिस और पीएसी वहां पहुंची। वहीं, फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर मकान में आग बुझाई। इसके बाद पुलिस ने साजिद का शव मोर्चरी भिजवाया।
वहीं, नग्गो का एक बेटा केसरगंज चौकी के निकट साहिल ऑटो रिपेयरिंग की दुकान करता है। उग्र भीड़ वहां पहुंची और ताला तोड़कर करीब आठ स्कूटर व बाइक में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद सड़क पर गिराकर आग लगा दी। यहां करीब आधा घंटे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची और आग बुझाई। वहीं, एसपी सिटी ने लाठियां फटकार कर भीड़ को भगाया। एसएसपी ओंकार सिंह का कहना है कि साजिद के हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। घटना से देर रात तक तनाव कायम था।